इंग्लिश का शिक्षक लगाने की मांग, दो घंटे तालाबंदी
अजीतगढ़ | जुगराजपुराग्राम पंचायत के मानगढ़ स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में अंग्रेजी शिक्षक नहीं होने से गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल के मुख्यद्वार पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सीकर डीईओ दयालसिंह ने अजीतगढ़ राआउमावि प्रधानाचार्य टीकूराम सैनी को प्रतिनिधि के तौर पर भेजकर सोमवार तक शिक्षक लगाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
बनवारी लाल शर्मा, जयसिंह शेखावत, उपसरपंच हजारी लाल सैनी, वार्ड पंच वीरेंद्र सिंह आदि ने बताया कि स्कूल में लंबे समय से अंग्रेजी विषय का अध्यापक नहीं रहा है। ऐसे में बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियो को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर गुरुवार को गुस्साए अभिभावकों ने सुबह नौ बजे स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। जिला शिक्षा अधिकारी दयाल सिंह ने अजीतगढ़ राआउमा वि प्रधानाचार्य टीकूराम सैनी को 11 बजे मौके पर भेजा। प्रधानाचार्य सैनी ने प्रदर्शनकारियों को सोमवार को शिक्षक लगाने का आश्वासन दिया। बाद में ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। रामावि प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश चंदेल ने बताया कि अंग्रेजी शिक्षक का सांवलपुरा डेपुटेशन हो गया, लेकिन शिक्षक बिना सूचना के 28 जनवरी से लापता है। फोन से संपर्क करने पर बताया कि वह बीमार है।
अजीतगढ़. धरने पर बैठे लोगों से समझाइश करते डीईओ प्रतिनिधि प्रधानाचार्य।