कांग्रेस ने घोषित किए 20 जिलाध्यक्ष, सीकर में डोटासरा बरकरार
कांग्रेसप्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने अपनी नई टीम में गुरुवार को 20 जिलाध्यक्षों की घोषणा की। इसके अलावा प्रदेश कमेटी में भी विस्तार किया गया है। 20 जिलों की घोषणा में सीकर को शामिल नहीं किया गया है। यहां गोविंद सिंह डोटासरा फिलहाल जिलाध्यक्ष बने रहेंगे। जिला कांग्रेस में कयास लगाए जा रहे थे कि गोविंद सिंह डोटासरा जिलाध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष विधानसभा में प्रतिपक्ष के सचेतक हैं ऐसे में उनकी जगह नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी लेकिन पार्टी ने सीकर जिलाध्यक्ष में बदलाव नहीं किया है। सूत्रों की माने तो जिले के दो दिग्गज नेताओं की खींचतान के चलते जिलाध्यक्ष की घोषणा नहीं हो पाई। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता इसमें बदलाव चाह रहे थे लेकिन आपसी खींचतान की वजह से बदलाव नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि सीकर को लेकर काफी मंथन हुआ और इसके बाद यहां नियुक्ति नहीं करने का फैसला किया गया। जिले से प्रदेश कमेटी पहले से शामिल नेता अपने पदों पर बने रहेंगे। जिले से प्रदेश कमेटी में गोविंद सिंह डोटासरा उपाध्यक्ष, रीटा सिंह, आरसी चौधरी, राकेश मोरदिया बालेंदु सिंह शेखावत प्रदेश सचिव हैं।