सरकारी योजनाओं में किसी से भेदभाव नहीं : रोलन
अपनेकार्यकाल का एक साल पूरा होने के मौके पर बुधवार को जिला प्रमुख अपर्णा रोलन ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों को दिया जाएगा। इसके लिए किसी भी स्तर पर भेदभाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन भी कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही हैं उन पर कार्रवाई की जा रही है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि जिले में योजनाओं को पूरी ईमानदारी से लागू किया जा रहा है।
रोलन ने बताया कि अनियमितता की शिकायत पर दो ग्रामसेवकों को सस्पेंड किया गया है और एक को एपीओ किया गया है। भविष्य में भी किसी प्रकार की शिकायत पाए जाने पर समुचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस एक वर्ष में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से 4 करोड़ एक लाख रुपए की स्वीकृतियां निकाली गई हैं। 14 अभ्यर्थियों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान में सभी जिला परिषद सदस्यों ने एक-एक ग्राम पंचायत को गोद लिया है और जिला प्रमुख द्वारा दो माह का मानदेय भी अभियान में दिया गया है। स्वच्छ भारत मिशन में 46 हजार 687 शौचालयों का लक्ष्य था लेकिन अब तक 57 हजार 570 शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है। जिले की 52 ग्राम पंचायतें खुले में शौच से मुक्त हो गई हैं। इस दौरान इस दौरान सीईओ कैलाश नारायण मीना, एसीईओ इंदिरा शर्मा, समाज कल्याण विभाग के सहायक निदेशक बजरंग लाल सारस्वत, सहायक कृषि निदेशक प्रमोद कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।