पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

स्वास्थ्य विभाग में मोबाइल एप से की जाएगी निगरानी, रिपोर्ट करनी होगी अपलोड

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सीकर. सरकारी अस्पतालों के कर्मचारियों की उपस्थिति जल्द ही मोबाइल एप से जांची जाएगी। निरीक्षण पर जाने वाले अधिकारियों की स्थिति पर भी एप के जरिए नजर रखी जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी मानिटरिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग ने यह प्रयोग करने का फैसला किया है।
सोमवार को जयपुर में विभाग के विशिष्ट शासन सचिव नवीन जैन मोबाइल एप की लाचिंग करेंगे। इस एप के जरिए निदेशालय में बैठे प्रमुख शासन सचिव छोटे से छोटे चिकित्सा संस्थान पर नजर रख सकेंगे। कर्मचारियों की उपस्थिति और विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ले सकेंगे। जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए गए औचक निरीक्षणों की स्थिति का भी मोबाइल एप के जरिए अफसर पता लगा सकेंगे।
स्वास्थ्य अधिकारियों को औचक निरीक्षण के दौरान संस्थान में गैर हाजिर मिले कर्मचारियों की संख्या और संस्थान की फोटो एप पर डाउनलोड कर भिजवानी होगी। विभागीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट, आउटडोर, निशुल्क दवा और जांच योजना, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना की प्रोग्रेस रिपोर्ट एप पर अपलोड करनी होगी। निदेशालय में बैठे अफसर मोबाइल एप पर मिली जानकारी के आधार पर गैर हाजिर कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। संस्था प्रभारी से जवाब मांगा जाएगा। इसके अलावा भविष्य की योजनाओं पर भी विचार होगा।
नहीं दे सकेंगे झूठी जानकारी
एप के चलते स्वास्थ्य अधिकारी भी विभाग को झूठी जानकारी नहीं दे सकेंगे। औचक निरीक्षणों की जानकारी उन्हें विभागीय अफसरों को फोटो भेजकर देनी होगी। अस्पताल संचालन में आ रही वास्तविक दिक्कतों की जानकारी मिल सकेगी। सीएमएचओ डॉ. एसएस अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को जयपुर में सीएमएचओ और बीसीएमओ का सम्मेलन होगा। इसमें चिकित्सा सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की जाएगी।
मातृ मृत्यु की सूचना देने वालों को 200 रुपए का फ्री मोबाइल रिचार्ज
सीएमएचओ-बीसीएमओ सम्मेलन में चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ मातृ मृत्यु की सूचना देने वाले को 200 रुपए का फ्री में मोबाइल रिचार्ज किए जाने की स्कीम का भी शुभारंभ करेंगे। विभाग ने यह स्कीम मातृ मृत्यु दर के सही आंकड़े प्राप्त करने के लिए किया है। नई स्कीम के तहत कोई भी व्यक्ति 104 नंबरों पर मातृ मृत्यु की सूचना देकर 200 रुपए मोबाइल रिचार्ज का लाभ ले सकता है।
खबरें और भी हैं...