सीकर. अजीतगढ़ के बाबा नारायणदास राजकीय चिकित्सालय में 22 जनवरी को मंडूस्या निवासी रामकरण यादव की मौत मामले में बनाई कमेटी ने जांच पूरी कर ली है। कमेटी ने लापरवाही के आरोप में एपीओ किए दोनों डॉक्टरों को क्लीन चिट दी है।
कमेटी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सोमवार को सीएमएचओ ने दोनों डॉक्टरों को बाबा नारायणदास अस्पताल में ही लगा दिया है। गौरतलब है कि 22 जनवरी को मंडूस्या निवासी रामकरण यादव की बाबा नारायणदास अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया था। सीएमएचओ ने इस पर डॉ. अशोक कुमावत, डॉ. मनफूल सैनी को एपीओ कर दिया था।
सीएमएचओ डॉ. एसएस अग्रवाल ने बताया कि कमेटी बनाकर मामले की जांच करवाई। जांच कमेटी ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। शिकायतकर्ता ने कमेटी को बयान दिया कि पिता की मौत होने के कारण उसने मानसिक संतुलन खो दिया था। साथ ही उसे टाइपशुदा शिकायत पत्र सौंपकर हस्ताक्षर करने को कहा था। मैने उस पर हस्ताक्षर कर दिए थे। दोनों डॉक्टरों ने इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरती थी। इस पर कमेटी ने दोनों डॉक्टरों को दोष मुक्त माना और रिपोर्ट सीएमएचओ को सौंपी।