सीकर. मरीज को एंबुलेंस में ले जाने की बात लेकर एसके अस्पताल में रविवार रात जमकर हंगामा हुआ। इस वजह से आधा घंटे तक मरीज तड़पता रहा। निजी एंबुलेंस चालकों के बीच जमकर लात घूंसे चले। आखिरकार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
पुलिस व प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब नौ बजे शहर में पिपराली रोड पर मनोहरसिंह नाम का व्यक्ति सड़क हादसे में घायल हो गया था। वह पिपराली गांव का रहने वाला है। घायल होने पर लाेगों ने उसे अस्पताल पहुंचा। हालात गंभीर होने पर उसे जयपुर रैफर कर दिया। उसे जयपुर ले जाने की बात को लेकर दो एंबुलेंस चालकों राधेश्याम व जीवराज में विवाद हो गया। इनमें विवाद था कि कौन सा जयपुर लेकर जाएगा।
विवाद बढ़ा तो इनके साथ अन्य एंबुलेंस चालक आ गए। इनमें मारपीट शुरू हो गई। करीब आधा घंटे चले हंगामे की वजह से मरीज तड़पता रहा। जीवराज का एक साथी रैफर कार्ड लेकर भाग गया। बाद में दूसरा रैफर कार्ड बनवाकर राधेश्याम जयपुर रवाना हुआ तो जीवराज ने आगे गाड़ी लगा दी। इससे विवाद हुआ।
सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी का पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और दोनों से समझाइश से मामला शांत कराया। इसके बाद मरीज को जयपुर रैफर किया गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बासड़ी से भी एक घायल लाया गया था इन दोनों को ले जाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। गौरतलब है कि एसके अस्पताल में अक्सर इसी तरह की बदइंतजामी की वजह से मरीजों को परेशानी होती है। लेकिन अस्पताल प्रबंधन गंभीर कार्रवाई नहीं करता है।