सीकर. शहर के बिसायतियान चौक में मंगलवार दोपहर खाना बनाते वक्त एक गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में सिलेंडर धूं धू करके जलने लगा। मौके पर पहुंची दो दमकलों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। जानकारी के मुताबिक यहां मोहम्मद शरीफ के घर पर दावत रखी गई थी।
इस दौरान सिलेंडर के भट्टी लगाकर खाना बनाया जा रहा था। कुछ ही देर में गैस लीकेज हो गई और सिलेंडर ने आग पकड़ ली। इस दौरान मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई और लोग आग बुझाने के लिए दौड़े। सिलेंडर दूसरी मंजिल पर होने के कारण लोगों को वहां तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
लोगों ने तुरंत ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का काम शुरू किया। लोगों ने बजरी व कंबल डालकर काफी हद तक आग को काबू में रखा। बुझाने के चक्कर में एक व्यक्ति का भी हाथ झुलस गया। तभी दो दमकलें मौके पर पहुंची और आग बुझाई। बाद में गैस एजेंसी के एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे।