रैवासा (सीकर). इलाके के कोछोर गांव में स्थित मालियों की ढाणी में शुक्रवार सुबह एक पति ने धारदार हथियार से गला रेत कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद वह खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस को कहा कि पत्नी की हत्या करके आया हूं। उसकी सूचना पर ही पुलिस मौके पर पहुंची तो लाश पड़ी मिली। पुलिस ने तुरंत ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कहासुनी और मारपीट के बाद वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के मुताबिक मालियों की ढाणी के प्रकाश सैनी(37) पुत्र बुधाराम की अपनी पत्नी शारदा(35)से कहासुनी हुई थी। इस दौरान दोनों में मारपीट भी हो गई। प्रकाश ने धारदार हथियार से शारदा का गला काट दिया। इसके बाद रानोली थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच कर रही है।
स्कूल गए थे तीनों बच्चे
प्रकाश के मां बाप सुबह ही किसी शादी में गए थे। उसे दो बेटी व एक बेटा है। वे भी सुबह ही स्कूल चले गए थे। उनके जाने के बाद ही घर में झगड़ा हुआ था। प्रकाश की बड़ी बेटी 14 साल की है। उससे छोटी 12 साल की व 10 साल का बेटा है।
रोज होता था झगड़ा, दहेज का मुकदमा भी हुआ
प्रकाश और शारदा की शादी करीब 16 साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही पति पत्नी में अनबन चल रही थी। आए दिन घर पर झगड़ा भी होता था। शारदा ने पति पर दहेज प्रताड़ना का मुकदमा भी किया था। इसके बाद समाज के लोगों की समझाइश के बाद दोनों फिर से साथ रहने लगे थे। शुक्रवार सुबह घर पर उन दोनों के अलावा प्रकाश की दादी ही थी। इसी दौरान उनके बीच कहासुनी हो गई। दोनों बीच आपस में मारपीट भी हुई। इससे गुस्साए पति ने पत्नी के गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया।
20 दिन पहले ही आया विदेश से
करीब डेढ़ साल पहले भी पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद समझाइश के कारण फिर से साथ रहने लगे थे। बाद में प्रकाश विदेश चला गया था। करीब 20 दिन पहले ही वह विदेश से आया था। इसके बाद से भी दोनों के बीच आए दिन झगड़े हो रहे थे।