पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

गाय आधारित खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा : प्रवीण तोगड़िया

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
श्रीमाधोपुर. खंडेला की ग्राम पंचायत भोजपुर में श्रीकृष्ण वृंदावन गोशाला का उद्‌घाटन शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के मुख्य आतिथ्य एवं संतों के सानिध्य में किया गया। तोगड़िया ने कहा कि सभी तीर्थों की यात्रा का पुण्य एकमात्र गाय की सेवा करने से प्राप्त हो जाता है।

किसानों को जैविक पद्धति से कृषि करनी चाहिए, ताकि रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को रोका जा सके। उन्होंने कृषि व गोआधारित खेती के लिए कृषि वैज्ञानिक की तरह कम लागत में अधिक उपज के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि देशभर में समृद्ध किसान बनाने के लिए विहिप भारतीय पारंपरिक खेती को फिर से प्रचलित करेगा। उन्होंने कहा कि देशी गाय की नस्ल सुधारने के लिए देश के हर गांव और हर प्रांत में केंद्र खोले जाएंगे। गाय के संवर्धन और नस्ल सुधारने के उपाय बताते हुए कहा कि गाय को केंद्र में रखकर किसानों का जीवन मजबूत बनाएं, ऐसी गतिविधियां भोजपुर की इस गोशाला में शुरू की जाएगी।
केंद्र में गोमूत्र व गोबर से धूप, फिनाइल, शेंपो सहित अनेक उत्पादन किए जाएंगे, ताकि गोशाला के साथ गांवों के किसान भी स्वावलंबी बन सकें। वहीं किसानों को यूरिया और कीटनाशक नहीं खरीदना पड़े, इसके लिए केंद्र में ऐसा उत्पादन सिखाया जाएगा। शीघ्र ही जिले के दो सौ गांवों के दो-दो किसानों को बुलाकर इसके लिए प्रशिक्षण वे खुद देंगे। उन्होंने कहा कि समृद्ध गाय प्रोजेक्ट विहिप के मार्गदर्शन में होगा तथा समस्त गतिविधियां खड़ी करेंगे, ताकि किसानों का ऑर्गेनिक अन्न शहरों में डेढ़ गुना कीमत में बिक सके।
तोगड़िया ने गोशाला निर्माण कराने वाले भोजपुर के अग्रवाल परिवार को साधुवाद दिया। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री महादेव सिंह खंडेला ने तोगड़िया से जिले में 26 महीने से बंद गोशालाओं को मिलने वाले अनुदान को शुरू कराने के लिए केंद्र सरकार के सामने मांग रखने की बात कही।
सीकर में इंडिया हेल्प लाइन प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत
विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन भाई तोगडिय़ा ने शुक्रवार को संघ कार्यालय सीकर में इंडिया हेल्प लाइन प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की। तोगडिय़ा ने कहा देशभर में इलाज व खून के अभाव में मरने वाले लोगों को बचाने में चिकित्सकों का छोटा सा योगदान बड़ा साबित हो सकता है।
खबरें और भी हैं...