नीमकाथाना.एटीएम कार्ड बदलकर रुपए पार कर रहा एक आरोपी बुधवार को रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी खुद को फौजी बता रहा है और अब तक कई वारदातें कर चुका है। पकड़े जाने के बाद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उससे आधा दर्जन एटीएम कार्ड व दस हजार रुपए की नकदी भी बरामद हुई है।
एसएचओ जयसिंह ने बताया कि राजकीय कपिल अस्पताल के पास स्थित एटीएम में बुधवार को लोगों ने न्यौराणा की ढाणी अहीरान निवासी राजेंद्र पुत्र मंगेजाराम मीणा को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी ने प्रीतमपुरी निवासी रोहिताश का एटीएम कार्ड बदल दिया था। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को अस्पताल लेकर गई और उपचार करवाया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कस्बे में पिछले कुछ दिनों से रोज ऐसी वारदातें हो रही हैं। पुलिस थाने में चार मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इन सभी मामलों में पुलिस इसी आरोपी का हाथ मान रही है। पुलिस को आरोपी ने बताया कि वह इंफेंट्री बटालियन में पश्चिम बंगाल में तैनात है।