पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • BJP Wrested From Congress Victory In Fatehpur

भाजपा ने कांग्रेस से छीनी जीत, कांग्रेस के चार सदस्यों ने भाजपा के लिए किया मतदान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फतेहपुर. प्रधान के चुनाव के दौरान शनिवार को फतेहपुर में कांग्रेस के समीकरण बदल गए। पार्टी में बगावत के बाद एक निर्दलीय ने पर्चा दाखिल कर दिया। भाजपा को इस बगावत का फायदा मिला। भाजपा की सुनीता को 15 और कांग्रेस की सुधेश को 12 वोट मिले। बहुमत के बावजूद कांग्रेस फतेहपुर में प्रधान नहीं बना पाई। कांग्रेस की इस अनपेक्षित हार का एक बड़ा कारण ब्लॉक अध्यक्ष के पार्टी के खिलाफ जाने को माना जा रहा है।
यहां 27 में से कांग्रेस को 11 सीटें मिली थी। ऐसे में उनका प्रधान बनना तय था। पार्टी में बगावत हो गई और एक सदस्य ने निर्दलीय पर्चा दाखिल कर दिया। हालांकि कांग्रेस ने तीन निर्दलीयों को पक्ष में कर लिया लेकिन पार्टी के चार वोट भाजपा के खाते में चले गए। इसी वजह से भाजपा की सुनीता कड़वासरा प्रधान बन गई। उन्हें 15 वोट मिले जबकि कांग्रेस की सुधेश 12 वोट ही ले पाई। कांग्रेस के 20 साल से ब्लॉक अध्यक्ष कुरड़ा राम ही पार्टी के खिलाफ चले गए और भतीजे की बहू को निर्दलीय पर्चा भरवा दिया।
इन्हीं के नाम पर क्यों बनी सहमति? : सुनीता पूर्व प्रधान ज्यादा देवी जाखड़ व भाजपा नेता भागीरथ जाखड़ की बेटी हैं। ऐसे में भाजपा की तरफ से इनका नाम पहले से ही तय था। कांग्रेस के जो सदस्य भाजपा के साथ आए वे भी इनके रिश्तेदार थे जो इन्हीं के नाम पर सहमति बनने के कारण भाजपा में आए। भाजपा नेता मधू सुदन भिंडा के करीबी होने का भी फायदा मिला।
बीएड कर रही है सुनीता : 23 वर्षीय सुनीता बीएससी करने के बाद बीएड की पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता भागीरथ मल जाखड़ पंचायत समिति सदस्य रह चुके हैं और दो बार विधायक का चुनाव भी लड़ चुके हैं। मां ज्यानादेवी जाखड़ 2005 में पंचायत समिति की प्रधान रही।

मामले में कांग्रेस का बयान : कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा का कहना है कि फतेहपुर में प्रधान नहीं बनाने का अफसोस है। जानकारी मिली है कि कुछ सदस्यों ने बगावत की। इसकी जांच करवा रहे हैं। ब्लॉक अध्यक्ष ने बगावत की या नहीं, इस बारे में कह नहीं सकते।