पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जयपुर ने जीता फुटबॉल का खिताब, राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का समापन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
तारपुरा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रही राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता (छात्र 19 आयु वर्ग) का समारोहपूर्वक समापन हो गया। फाइनल मैच जयपुर प्रथम व सत्रपर्यंत नोहर के बीच खेला गया। मैच शुरू होने के छठे मिनट में जयपुर के हरिनारायण ने शानदार गोल कर अपनी टीम का खाता खोल दिया। मध्यांतर तक जयपुर 1-0 से आगे रहा। इसके बाद मैच के 69वें मिनट में जयपुर के हरिनारायण ने ही दूसरा गोल कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। अंत में यह मैच जयपुर ने 2-0 से जीत कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच में छोटूराम, अशोक कुमार व धीरेंद्र यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जोधपुर सांसद गजेंद्रसिंह शेखावत थे। उन्होंने कहा कि युवा देश की धरोहर हैं। उन्हें खेल सहित सभी क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ बनने का लक्ष्य लेकर पूरी ऊर्जा के साथ जुट जाना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर एसएस सोहता ने की। उन्होंने कहा कि शेखावाटी वीर प्रसूताओं व खिलाड़ियों की भूमि है। हमें खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर खेल व टीम भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
जोधपुर एकेडमी के राहुल खान को प्रतियोगिता के बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता संयोजक प्रधानाचार्य हुकम सिंह महला ने आभार जताया। उपजिला शिक्षा अधिकारी(शा. शिक्षा) धर्मपालसिंह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजेंद्र पारीक, झुंझुनूं के उपजिला प्रमुख विद्याधर सिंह गिल, माध्यमिक शिक्षा चूरू के उपनिदेशक रेखाराम खीचड़ व उपवन संरक्षक राजेंद्र हुड्‌डा ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में चयन समिति संयोजक बिशन सिंह भाटी, थाना प्रभारी मदन कड़वासरा, जिला साक्षरता अधिकारी राकेश लाटाव शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
(फोटो- राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता टीम जयपुर प्रथम अतिथियों के साथ।)