पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Death Of Man Found Unconscious Center Of The Village

गांव के बीच बेहोश मिले युवक की मौत, सात पर हत्या का मुकदमा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फतेहपुर.जलालसर गांव में बुधवार शाम बेहोश मिले युवक की मौत के बाद परिजनों ने गांव के सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। युवक की मौत जहरीले पदार्थ से हुई है। परिजनों का आरोप है कि गांव के लोगों ने उससे मारपीट कर जहर पिला दिया। गुस्साए परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सदर थाने पर प्रदर्शन किया। आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल पहुंचे परिजनों ने डॉक्टर से मारपीट की। इस पर डॉक्टर व अस्पताल के अन्य चिकित्साकर्मी धरने पर बैठ गए। पुलिस ने डॉक्टर से र्दुव्‍यवहार करने वाले दो लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है।
एसएचओ राजपाल सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे सूचना मिली कि जलालसर गांव में नबीपुरा निवासी रविन्द्र पुत्र महावीर प्रसाद जाट बेहोशी की हालत में पड़ा है। उसे धानुका अस्पताल लाया गया। जहां से सीकर और बाद में जयपुर रैफर कर दिया गया। रास्ते में ही देर रात उसकी मौत हो गई। रविंद्र के मामा बलोद छोटी निवासी रामलाल ने हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है।
आरोप है कि रविंद्र बुधवार दोपहर करीब दो बजे जलालसर गया था। शाम सात बजे जलालसर के त्रिलोकाराम ने रविंद्र के पिता को फोन कर कहा कि उन्होंने उसके बेटे के साथ मारपीट कर जहर पिला दिया है। मामले में त्रिलोकाराम के अलावा मुनेश पुत्र रामकुमार, महेन्द्र पुत्र हरदेवाराम, राकेश पुत्र त्रिलोकाराम, बनवारी पुत्र धन्ना राम सहित सात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
थाने पर किया प्रदर्शन
सदर थाने पर प्रदर्शन करते हुए रविंद्र के परिजन गिरफ्तारी होने तक शव नहीं लेने की मांग पर अड़ गए। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि रविंद्र के पर्चा बयानों में भी जहर देने का जिक्र था। उधर पुलिस का कहना है कि वह बेहोश हो गया था इसलिए बयान नहीं लिए जा सके।
किस दिशा में पुलिस की जांच?
पुलिस पहले यह पुख्ता कर रही है कि रविंद्र को जहर पिलाया गया है या उसने खुद पिया है। पुलिस का कहना है कि शरीर पर कोई जाहिर चोट के निशान नहीं थे। ऐसे में मारपीट हुई है या नहीं यह भी जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मामला प्रेम प्रसंग का भी माना जा है।
'जहरीले पदार्थ से युवक की मौत हुई है। परिजनों ने हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। मामले की जांच करवा रहे हैं। उसके बाद ही स्थित साफ हो पाएगी। डॉक्टरों की ओर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं करवाया गया है। र्दुव्‍यवहार करने वाले दो लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया है।'
रजनीश पूनियां, डीएसपी