सीकर। कस्बे में गारिंडा रोड पर चाकू से गोदकर हत्या के मामले में सोमवार को परिजनों ने आक्रोश जताया। परिजनों ने पांच घंटे यह कहते हुए शव नहीं लिया कि हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। परिजनों ने शक जताते हुए कुछ नाम बताए। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस रुपयों के लेनदेन और अवैध संबंधों को लेकर जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि सीकर के मोहल्ला हुसैनगंज के रमजान खान की रविवार रात फतेहपुर में बेरहमी से चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। सोमवार सुबह आठ बजे रमजान के परिजन फतेहपुर पहुंचे। इनके रिश्तेदार और जनप्रतिनिधि भी अस्पताल आ गए। परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि हत्यारों को पकड़ा जाए।
करीब पांच घंटे तक विवाद होता रहा। इस बीच परिजनों ने पुलिस ने पांच नाम देकर बताया कि इन लोगों पर शक है। इस पर पुलिस ने सीकर शहर से तीन युवकों को हिरासत में लेकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने दोपहर करीब एक बजे शव ले लिया।
बेटे की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में कराया भर्ती
धानुका अस्पताल में एकबारगी रमजान के बेटे आबिद की तबीयत बिगड़ गई। इस पर वार्ड में भर्ती करना पड़ा। वार्ड में ही पुलिस ने आबिद से उसके पिता के कारोबार, दोस्तों और रुपए के लेनदेन के बारे में जानकारी ली। प्रदर्शन के दौरान गफूर खान, हाकम खान, एसएफआई राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आबिद हुसैन, इस्लाम खान, पार्षद मुश्ताक नजमी आदि मौजूद रहे।
24 अक्टूबर को होनी थी बेटियों की शादी
रमजान के बेटे आबिद ने बताया कि अगले महीने घर में दो बहनों और उसकी शादी तय थी। इस हादसे ने परिवार की खुशियों पर नजर लगा दी है। दो बहनों की शादी 24 अक्टूबर और आबिद की शादी 25 अक्टूबर को होने वाली थी।