सीकर। रलावता गांव की दसवीं की छात्रा से ज्यादती मामले में गुरुवार को तीसरे दिन भी पुलिस आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई। पुलिस ने गुरुवार को जयपुर सहित कई इलाकों में दबिश दी लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। उधर इस मामले में एबीवीपी के छात्रों ने परिजनों के साथ एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को तीन दिन में गिरफ्तार करने की मांग की और गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पीड़ित परिवार को धमकी दे रहे हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में राजू गुर्जर, शैलेंद्र कुमार, सुमित जोशी व मनोज धानिया सहित कई छात्राएं भी शामिल थीं।
छह वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ का मामला
अजीतगढ़ के गढ़टकनेत निवासी एक व्यक्ति ने गुरुवार रात गांव के ही एक युवक पर उसकी छह वर्षीय भतीजी के साथ छ़ेड़छाड़ करने का मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी सुरेंद्रसिंह देगड़ा ने बताया कि गढ़टकनेत निवासी एक व्यक्ति ने गांव के पिंटू उर्फ प्रमोद भार्गव के खिलाफ रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि उसकी छह वर्षीय भतीजी सात सितंबर को घर के बाहर खेल रही थी।
बताया कि उसे पिंटू उर्फ प्रमोद भार्गव ने टॉफी का बहाना देकर घर बुलाकर छेड़छाड़ की। बच्ची के चिल्लाने पर आरोपी ने उसे छोड़ दिया तथा धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा। इसके बाद बच्ची ने 16 सितंबर को परिजनों को बताया। जांच नीमकाथाना पुलिस उप अधीक्षक को सौंप दी गई है।