सीकर. मौल्यासी गांव में हुई युवक महेश की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया। ग्रामीण करीब डेढ़ घंटे तक एसपी ऑफिस के सामने बैठे रहे। बाद में उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद वहां से हटे।
मौल्यासी के सैकड़ों ग्रामीण व महेश के परिजन पूर्व विधायक पेमाराम के नेतृत्व में एसपी ऑफिस पहुंचे। इन्होंने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
इनका आरोप था कि वारदात के इतने दिन बाद भी पुलिस ने अभी तक केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि मामले में पांच लोग नामजद हैं। उन्होंने पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। इसके बाद इनके प्रतिनिधि मंडल की एसपी के साथ लंबी बातचीत हुई।
एसपी ने इनको आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा उन पर ईनाम घोषित करने की कार्रवाई भी की जाएगी और संपत्ति कुर्क करने के लिए कलेक्टर को लिखा जाएगा। इसके अलावा सूचना देने के बाद जिन पुलिसकर्मियों ने ढिलाई बरती उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
महेश महला का गांव में शराब ठेका चलाने वाले युवकों ने अपहरण कर लिया था। उसके बाद उसकी हत्या कर शव को भाकरों की ढाणी के पास पटक गए थे। पुलिस ने एक आरोपी को ही गिरफ्तार किया है।