पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग, अस्पताल से तीन घंटे तक नहीं उठाया शव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सीकर। शराब कारोबार की रंजिश के चलते बुधवार देर रात की गई मोल्यासी के युवक की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने गुरुवार को तीन घंटे तक शव नहीं उठाया। परिजन ने एसके अस्पताल में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की सूचना के बाद भी मामले में गंभीरता नहीं बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग की गई। इस संबंध में पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने एक आरोपी प्रहलाद को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में काम में ली गई कैंपर भी बरामद कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक मौल्यासी के महेश पुत्र ईश्वरलाल का बुधवार रात बोलेरो कैंपर में सवार होकर आए बदमाश अपहरण कर ले गए थे। आरोपियों ने उससे मारपीट की और दोनों पैर तोड़ दिए। उसकी हत्या के बाद शव को भाखरों की ढाणी के पास फेंक गए थे। मामले में महेश के भाई लक्ष्मण ने गांव में ठेका चलाने वाले दुगोली निवासी सवाई सिंह पुत्र मोटाराम, विद्याधर व प्रहलाद, धोलपालिया निवासी जगदीश और रणजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

इधर, गुरुवार सुबह अस्पताल पहुंचे परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और शव उठाने से इंकार कर दिया। पूर्व विधायक पेमाराम भी अस्पताल पहुंच गए। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग अस्पताल में जमा हो गए। काफी समझाइश के बाद भी ये लोग नहीं माने और शव नहीं लिया। मौके पर पहुंचे एएसपी प्रकाश कुमार शर्मा ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने शव को उठाया। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी प्रहलाद को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक सवाई सिंह गांव में शराब ठेका चलाता है। महेश भी शराब कारोबार से जुड़ा था। इसी कारण उनके बीच रंजिश चल रही थी। गुरुवार रात वह ठेके के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान सवाई सिंह व उसके साथियों ने उसका अपहरण कर लिया।

एएसपी ने दिया जांच का आश्वासन

परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपहरण के तुरंत बाद ही कंट्रोल रूम को सूचना दे दी थी। कई बार फोन करने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और आरोपियों ने महेश की हत्या कर दी। इस पर एएसपी ने इसकी जांच करवाने का आश्वासन दिया और कहा कि जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दुगोली हत्याकांड के आरोपियों का भी बताया हाथ :
परिजनों ने इस मामले में केशर दुगोली हत्याकांड के आरोपियों का भी हाथ बताया। उन्होंने कहा कि उस मामले में एक आरोपी फरार है और उसी ने महेश की हत्या करवाई है। इस पर भी पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया।
अगली स्लाइड में देखें हिरासत में लिए गए आरोपी को