सीकर. शहर को क्लीन बनाने के लिए आम आदमी सहयोग की भावना के साथ आगे आने लगा है। दैनिक भास्कर की ओर से स्मार्ट वार्ड स्मार्ट सिटी के लिए आयोजित किए जा रहे रूबरू कार्यक्रम में आम आदमी समस्या बताने के साथ उनके समाधान के तरीके भी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों तक पहुंचा रहे हैं। बुधवार को वार्ड 22, 25, 26, 27, 28, 29 और 37 के लिए शेखावाटी मैरिज पैलेस में 5वें रूबरू कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वार्ड के लोगों ने साफ सफाई, निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने व अवैध निर्माण पर रोक के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग का सुझाव दिया। सभापति व जिम्मेदार अधिकारियों ने शिकायतों के समाधान और सुझावों पर अमल करने का भरोसा दिया। इस मौके पर सभापति राजेश्वरी, पार्षद संपतसिंह, गोपालसिंह, बाबूलाल शर्मा, संपत, सावित्रीदेवी, प्रहलाद सैनी, गिरधारीलाल मौजूद रहे।
बड़ा मुद्दा : सफाई, अवैध निर्माण और आवारा पशु
आम आदमी ने कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से रूबरू होते हुए कई समस्याएं बताईं। इनमें ज्यादातर सफाई, अवैध निर्माण और आवारा पशुओं से जुड़ी हुई थी। आवारा पशुओं के लिए सांड शाला का निर्माण करवाने का सुझाव दिया। इसके लिए आम आदमी से भी आर्थिक सहयोग लिया जा सकता है। इसके अलावा शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
क्लीन सिटी के लिए सबने मिलकर बनाया एजेंडा
वार्ड स्तर पर कमेटी का गठन हो। ठेकेदार की ओर से काम पूरा करने के बाद पार्षद और समिति की सहमति पर भुगतान किया जाए।
साफ सफाई व्यवस्था के लिए वार्ड स्तर पर निगरानी कमेटी बनाई जाए। सुबह की सफाई के बाद के संबंधित इलाके में निरीक्षण किया जाए। नियमित रिपोर्ट तैयार की जाए।
वार्डों की अधूरी सड़क-नालियों को प्राथमिकता से पूरा कर आगे जोड़ा जाए। इसके बाद नए काम शुरू किए जाए। बजट के हिसाब से प्लानिंग तय हो।
शिकायत पर तुरंत कार्रवाई हो। इसके लिए वार्ड स्तर पर सूचना केंद्र बनाया जाए। जहां आम आदमी शिकायत कर सके।
यह बोले जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कर्मचारियों की कमी की वजह से शहर की साफ सफाई व्यवस्था में कुछ दिक्कत आ रही है। भर्ती प्रकिया जल्द ही पूरी की जाएगी। इसके अलावा सड़क नाली निर्माण को लेकर कुछ सुझाव आए हैं। इस पर अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। राजेश्वरी सैनी, सभापति
कई जगह सड़क क्षतिग्रस्त व हाउसिंग बोर्ड में सीवरेज टैंक आदि के मामले सामने आए हैं। इन्हें जल्द ही ठीक करवाया जाएगा। इसके अलावा अवैध निर्माण की शिकायतों की जांच करवाई जाएगी। मधु सुदन गेना, एईएन, नगर परिषद