सीकर.पूर्व सैनिकों को नौकरी दिलाने के लिए गठित राजस्थान एक्स सर्विसमैन कॉरपोरेशन घर बैठे सरकारी विभागों में नौकरी दिलाएगा। इसके लिए सीकर, झुंझुनूं सहित 15 जिलों में जिला समन्वयक तैनात किए गए हैं। पूर्व सैनिकों को रजिस्ट्रेशन करवाना होगा और समन्वयक सरकारी दफ्तरों में पूर्व सैनिकों की जरूरत की तलाश करेंगे। पूर्व सैनिकों को संविदा पर नौकरी मुहैया कराई जाएंगी। कुछ महीने पहले कॉरपोरेशन गठन करने के बाद पहले दौर में निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने की प्राथमिकता थी। अब सरकार ने पूर्व सैनिकों को सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने की कवायद शुरू कर दी है।
सैनिक बहुल जिलों के सैनिक कल्याण अधिकारी कार्यालय में लगाए गए समन्वयक सरकारी दफ्तरों में जाकर रिक्रूटमेंट की जानकारी जुटाएंगे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन करवाने वाले पात्र पूर्व सैनिकों को अवसर की जानकारी देकर बुलाया जाएगा।इसके बाद संबंधित विभाग की प्रक्रिया से गुजरने के बाद अनुबंध होगा। पंजीकरण डिस्चार्ज सटिर्फिकेट, पहचान पत्र व पीपीओ के आधार पर होगा। उल्लेखनीय है कि सीकर जिले में करीब दस हजार पूर्व सैनिक ऐसे हैं, जो नौकरी नहीं कर रहे हैं। जिला समन्वयक महेंद्रसिंह का कहना है कि नौकरी दिलवाने के बाद भी सुविधा, तनख्वाह आदि को लेकर पूर्व सैनिक की मदद की जाती रहेगी।
समन्वयक लगाए हैं
'राजस्थान एक्स सर्विसमैन कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से 15 जिलों में जिला समन्वयक लगाए गए हैं। वे संबंधित जिला मुख्यालय पर सरकारी विभागों में पूर्व सैनिकों को संविदा पर लगाने का कार्य करेंगे।'
- प्रमोद आर मलिक, जनरल मैनेजर, राजस्थान एक्स सर्विसमैन कॉरपोरेशन