सीकर। कलेक्ट्रेट की सामान्य शाखा में मंगलवार को चलता पंखा टेबल पर गिर गया। उस वक्त कर्मचारी काम कर रहे थे। पंखा गिरते ही कर्मचारी बचाव के लिए इधर-उधर हो गए। घटना शाम पौने पांच बजे की है। अचानक पंखा आवाज करने लगा। फिर चलते-चलते बंद हो गया। कर्मचारियों को लगा कि पंखा में तकनीकी खराबी होने की वजह से बंद हो गया है। कुछ देर के बाद पंखा टेबल पर गिर गया। पंखा जिस टेबल पर गिरा, उसके पास ही तीन कर्मचारी काम कर रहे थे। कर्मचारियों का कहना है कि किसी को कोई चोटें नहीं आई हैं। कर्मचारियों ने अफसरों को इसकी जानकारी दे दी।
बिजली लाइन हुई पुरानी, बरसों से पंखे भी नहीं बदले
कलेक्ट्रेट में बिजली के तार व उपकरणों की वजह से कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कलेक्ट्रेट की बिजली लाइनें काफी पुरानी हो चुकी हैं। पंखे सहित अन्य उपकरण भी काफी पुराने हैं। बिजली लाइनें अक्सर फाल्ट होने से घंटों बिजली गुल रहती है। पुरानी होने से बिजली लाइन ज्यादा लोड वहन करने में नाकाम हैं। बरसाें पुराने पंखे बदले नहीं जा रहे हैं और मरम्मत भी नहीं की जा रही है। करीब दो साल पहले एडीएम के चैंबर में एसी में आग लग गई थी। वहीं एक रूम में भी आग लग चुकी है। सप्ताह में एक बार बिजली लाइन फॉल्ट होती रहती है। ऊर्जा मंत्री गजेंद्रसिंह खींवसर के दौरे के दौरान एसी तक जनरेटर से चलानी पड़ी थी।
(फोटो- कलेक्ट्रेट की शाखा में टेबल पर गिरा पंखा।)