सीकर. एसके अस्पताल में शनिवार को स्वाइन फ्लू के संदिग्ध रोगी की मौत हो गई। वह शुक्रवार से आइसोलेशन वार्ड में भर्ती था। परिजनों का आरोप है कि मौत की वजह डॉक्टरों की लापरवाही है। क्योंकि मृतक मुकेश के पिता रात को तीन बार ट्रोमा में डॉक्टर को बुलाने गए थे, लेकिन कोई नहीं आया। सुबह संभाला तो मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन का तर्क है कि डॉक्टरों ने लापरवाही नहीं बरती है। फिर भी कोई शिकायत मिलेगी तो जांच करवा ली जाएगी।
जानकारी के मुताबिक भैरूपुरा के मुकेश भामू की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे शुक्रवार को एसके अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उसमें स्वाइन फ्लू के लक्षण बताते हुए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया, लेकिन स्वाइन फ्लू की पुष्टि के लिए उसी वक्त सैंपल जयपुर नहीं भेजे। शनिवार सुबह करीब छह बजे मुकेश ने दम तोड़ दिया।
पिता ने कहा - बुलाने पर नहीं आया डॉक्टर
मुकेश के पिता नाथू सिंह का आरोप है उनके बेटे की तबीयत रात को ही बिगड़ने लगी थी। इसलिए वह तीन बार ट्रोमा यूनिट में डॉक्टर को बुलाने गए। लेकिन हर बार दवा लिखकर भेज दिया। एक बार भी संभालने के लिए कोई नहीं आया।
स्टाफ ने किया काम करने से इनकार - शनिवार सुबह एक रोगी की मौत के बाद आइसोलेशन वार्ड में दिन के लिए तैनात स्टाफ ने एकबारगी काम करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वार्ड में जरूरी संसाधन नहीं है, जिससे मरीजों की केयर करने में दिक्कत आ सकती है। वहीं स्टाफ में भी संक्रमण का खतरा है। इस पर नर्सिंग अधीक्षक बजरंगलाल मीणा व गोपीचंद ने आश्वासन दिया कि शाम तक सुविधा बढ़ा दी जाएंगी। इस पर स्टाफ वार्ड में जाने को तैयार हुआ।
अस्पताल के डॉक्टर स्वाइन फ्लू को लेकर गंभीर हैं। लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। इस मामले की लिखित शिकायत हमारे पास नहीं आई है। यदि शिकायत मिली तो जांच करवाई जाएगी। - डॉ. हरिसिंह, डिप्टी कंट्रोलर
मुकेश के पिता एक बार सुबह ही आए थे। मैंने जब मरीज को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। सारी रात ट्रोमा में ही था। रोगी के परिवार का कोई सदस्य नहीं आया। डॉ. संजय खन्ना, ड्यूटी डॉक्टर
ढाई महीने में जिले में चौथी मौत - जिले में ढाई महीने में मुकेश सहित चार लोगों की मौत हो चुकी है। 18 नवंबर को श्रीमाधोपुर की ढाणी मलजीवाली के 65 वर्षीय नरसीराम सैनी ने जयपुर में दम तोड़ा था। श्रीमाधोपुर के मालियों के मोहल्ला निवासी सात वर्षीय निर्मल की मौत 28 नवंबर को हो चुकी है। नीमकाथाना के केरोठ की पूजा गुर्जर की शुक्रवार को जयपुर में मौत हो गई थी।