सीकर. रींगस खाटूश्यामजी मार्ग पर बाजरे के खेत में शनिवार को एक युवती का करीब 20 दिन पुराना शव मिला। शव को कुत्तों ने बुरी तरह क्षत विक्षत कर दिया था। प्रारंभिक तौर पर हत्या कर युवती का शव डालने की बात सामने आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि ज्यादती के बाद उसकी हत्या की गई। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया है।
थानाधिकारी धर्मवीर सिंह जानू ने बताया कि शनिवार को जगदीशप्रसाद बलोदा के परिवार के लोग खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान बदबू आने पर वे बाजरे के खेत में गए तो वहां क्षत विक्षत शव पड़ा हुआ था। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिनाख्त होने पर ही खुलेगा राज
पुलिस शव की शिनाख्तगी के प्रयास कर रही है। शिनाख्तगी के बाद ही मामले में जांच आगे बढ़ पाएगी। युवती की पहचान से ही उसकी हत्या की कड़ी जुड़ जाएगी। जब तक शिनाख्त नहीं होगी मामले का खुलासा संभव नहीं है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
जिले में पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। पाटन व शाकंभरी की पहाडिय़ों में दो महिलाओं के शव मिले थे। जिनको हत्या के बाद फेंका गया था। उनकी भी शिनाख्त नहीं हो पाई और आज तक मामलों का खुलासा नहीं हुआ है।
इसलिए है ज्यादती की आशंका
मामला इस आधार पर ज्यादती के बाद हत्या का माना जा रहा है कि युवती के कपड़े शव से काफी दूर पड़े हुए थे। शव को कुत्ते घसीट कर दूर ले गए थे। पुलिस का कहना है कि जिस तरह के कपड़े शव के पास मिले हैं उनके आधार पर शव युवती का हो सकता है।
आमतौर पर ज्यादा उम्र की महिलाएं सलवार-कुर्तें नहीं पहनती हैं। जिस तरह से कपड़े रखे हुए थे उनके आधार पर ही यह माना जा रहा है कि उसके साथ ज्यादती हो सकती है और बाद में हत्या की गई है।