सीकर। गारिंडा रोड पर रविवार को चाकुओं से गोद कर एक व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उसकी हत्या सीकर के एक हिस्ट्रीशीटर ने अवैध संबंधों का बदला लेने व पैसे हड़पने के लिए की थी। हत्या के लिए आरोपी ने लंबा प्लान बनाया था। पुलिस ने मामले में शहर कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर मोहल्ला कुरैशियान निवासी आलम पुत्र शब्बीर मातवान को गिरफ्तार कर लिया है।
उसके साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी के शातिर होने के कारण अब तक पुलिस उससे पूरा सच नहीं उगलवा पाई है। अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। एसपी हैदर अली जैदी ने बताया कि रविवार रात फतेहपुर में गारिंडा रोड पर वार्ड 14 हुसैनगंज निवासी बिल्डिंग ठेकेदार रमजान पुत्र अलाद्दीन पड़िहार की हत्या कर दी गई थी।
मामले के खुलासे के लिए एएसपी प्रकाश कुमार शर्मा के नेतृत्व में डीएसपी भंवरलाल सिसोदिया व फतेहपुर कोतवाल विजय सेहरा की विशेष टीम का गठन किया गया था। आरोपी ने पूछताछ में अपने साथियों के साथ मिलकर रमजान की हत्या करना कबूल किया है। उसने पुलिस को बताया कि रमजान के खाते से मोटी रकम निकालने व किसी महिला से अवैध संबंधों का बदला लेने के लिए उसने हत्या की है। उससे पूछताछ की जा रही है।
एटीएम से मिली पुलिस को अहम कड़ी
रमजान की हत्या के बाद आलम रात को साढ़े नौ बजे वापस लक्ष्मणगढ़ आया था। यहां पर उसने उसके एक एटीएम कार्ड से 30 हजार व दूसरे की लिमिट ज्यादा थी। इसलिए उससे 90 हजार निकाल लिए। पुलिस को जब पैसे निकलवाने की जानकारी मिली तो एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जिसमें आरोपी मुंह पर रुमाल बांधे हुआ था लेकिन कपड़ों के आधार पर शिनाख्त हो गई।
मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था आरोपी
रमजान अनपढ़ होने के कारण उसके एटीएम से पैसे भी उसके साथी ही निकालते थे। आलम को भी उनके पासवर्ड पता थे। आरोपी इतना शातिर है कि वारदात के दिन वह अपना मोबाइल भी घर पर छोड़कर गया था। जिससे अगर पुलिस लोकेशन भी निकाले तो सीकर में मिले। आरोपी भिवंडी मुंबई में रहता था। वहां भी उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। वहां से पुलिस ने तड़ीपार कर दिया तो यहां आ गया था।