सीकर.पुलिस ने मंगलवार रात शहर में दो जगह दबिश देकर आईपीएल मैचों पर करोड़ों का सट्टा पकड़ा है। दोनों जगह से पांच सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है। ये जयपुर रोड स्थित एक होटल बार व कंवरपुरा रोड पर एक मकान में सट्टा चला रहे थे। इनसे करोड़ों का हिसाब किताब मिला है। देर रात तक पुलिस इनके पास मिले लैपटॉप व डायरियां खंगालती रही।
एसपी सत्यवीर सिंह ने बताया कि जयपुर रोड स्थित सत्यम होटल बार व कंवरपुरा रोड स्थित चेजारों के मोहल्ले में मुरारीलाल स्वामी के मकान में सट्टा चलने की सूचना मिली थी। सूचना पर शहर कोतवाल बालाराम व सीआई अश्वनी कुमार की टीम को मौके पर भेजा गया। सत्यम होटल के एक कमरे में राधाकिशनपुरा निवासी सदानंद शर्मा पुत्र रामावतार व वार्ड 24 निवासी राजकुमार जोशी सट्टा लगा रहे थे। आरोपियों से तीन मोबाइल, एक टीवी व हजारों के हिसाब की पर्चियां बरामद की गई। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कंवरपुरा रोड पर की।
यहां मुरारीलाल पुत्र गुरुदयाल स्वामी अपने मकान में हाउसिंग बोर्ड निवासी प्रियदर्शन पुत्र उमाशंकर शर्मा व चेजारों को मोहल्ला निवासी अनिल पुत्र श्रीराम कुमावत के साथ सट्टा लगा रहा था। आरोपियों ने 19 मोबाइल, दो लैपटॉप, दो टीवी, डीटीएच व कई चार्जर और बैट्रियां बरामद की गई हैं। इनके पास मिला हिसाब किताब करोड़ों में हैं।
हर मैच पर सट्टा
प्रियदर्शन व मुरारीलाल ने आईपीएल के हर मैच पर सट्टा लगवाया है। इनके पास मिले रजिस्टर में हर मैच का हिसाब है। ये लोग मुख्य बुकी चला रहे थे जिससे जिले में कई लाइनें जुड़ी हुई हैं। सत्यम होटल में पकड़ा गया सदानंद पिछले साल भी सट्टा लगाते पकड़ा गया था। उसका दूसरा साथी राजकुमार जोशी सिनेमा हॉल में काम करता है।