पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ज्वैलर के घर डकैतीः आधे घंटे तक दहशत मचाई, 50 लाख का सामान ले गए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुढ़ागौडज़ी (झुंझुनूं). बड़ागांव में मंगलवार देर रात करीब ढाई बजे हथियारबंद बदमाश ज्वैलर्स के घर में घुस गए। सात-आठ बदमाशों ने आधे घंटे से ज्यादा देर तक दहशत मचाए रखी। इन्होंने जेवरात-नकदी आदि करीब 50 लाख रुपए का माल उड़ा लिया। गोली लगने से दो घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार बड़ागांव के श्रीराम सोनी पुत्र भोमाराम सोनी सोने-चांदी की घड़ाई एवं बिक्री का काम करते हैं। रात ढाई बजे इनके घर पर हथियारबंद बदमाश आए। दुकान के पीछे ही घर बना हुआ है। बदमाश घर के पीछे सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े। इसके बाद कमरों को सरकंडा (कुंदा) लगाकर वारदात को अंजाम दिया। दुकान, कमरे एवं आलमारी से सोने-चांदी के जेवर निकालकर ले गए। कमरे से सोये सोनी दंपती को पिस्तौल दिखाकर पहने हुए जेवरात तक उतरवाकर ले गए। सरकंडे लगाने के दौरान एक कमरे में सोई श्रीराम सोनी के बेटी ज्योति जाग गई। उसने शोर मचाया। इस दौरान अन्य लोग इकट्ठे हो गए। इन्होंने बदमाशों को दबोचने का प्रयास किया। तब बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसमें ज्योतिप्रकाश (20) पुत्र बजरंगलाल एवं विष्णुशंकर (35) पुत्र भोमाराम के पैरों में गोली लगी। इन्हें झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना पाकर एसपी कुंवर राष्ट्रदीप, नवलगढ़ डीएसपी देवकिशन शर्मा एवं थानाधिकारी समुंदरसिंह ने मौका मुआयना किया। एसपी ने परिवारजनों के बयान लिए। एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य उठाए। दोपहर में जयपुर से पहुंची डॉग स्क्वायड टीम ने भी जांच-पड़ताल की।
शादियों के लिए बना रखे थे गहने
श्रीराम सोनी ने बताया कि वे लोग शादियों के लिए सोने-चांदी के गहने तैयार करते हैं। उनके पास आठ शादियों के गहने तैयार थे, जो एक-दो दिन में लोगों को गहने देने थे। इन गहनों के अलावा उनकी दुकान में भी कई गहने रखे थे। श्रीराम के पुत्र मुकेश सोनी ने बताया कि कई परिचित लोगों के गहने भी उनके पास रखे थे।
मोबाइल की बैटरी निकाली, बेसिक फोन के तार काटे
श्रीराम सोनी ने बताया कि वे कमरे में सोए थे। वारदात से पहले बदमाशों ने उनके मोबाइल की बैटरी निकाल ली तथा बेसिक फोन की केबल काट दी। अचानक रजाई खींचने पर वह जागा तब सामने पांच हथियारबंद युवक खड़े थे। इन्होंने उसे ललकारते हुए धमकी दी और अंगूठी निकलवा ली। पास में सोई पत्नी चंद्रकांता के गले की चेन व कानों के झूमर भी ले गए। आलमारी के सरकंडे को लोहे की रॉड से तोड़कर जेवरात निकाल लिए। सोनी के मुताबिक बदमाश बोली से उत्तरप्रदेश की तरफ के लग रहे थे। श्रीराम सोनी ने बताया कि तिजोरी दूसरे कमरे में होने के कारण डकैतों के हत्थे नहीं चढ़ी।
शाम को घर में बर्थडे पार्टी थी
श्रीराम सोनी के यहां रात को बच्चे के जन्मोत्सव का कार्यक्रम था। पार्टी में आए देवकीनंदन सोनी ने बताया कि वे कार्यक्रम के बाद रात एक बजे सोये थे। एक अन्य रिश्तेदार बैठक में सोया हुआ था। शोर सुनकर वह बाहर आया तो डकैतों ने उस पर भी पिस्तौल तानी। उसकी जेब में पांच सौ का नोट था, उसे भी निकालकर ले गए।
40 से अधिक फायर
डकैतों ने मौके पर 40 से अधिक फायर किए। इनमें कई हवाई फायर थे तो कुछ दुकानों के शटरों को निशाना बनाकर किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोग शोर सुनकर छत पर चढ़ गए। डकैतों ने उन पर भी फायर किया।
विधानसभा में उठा मामला
बड़ागांव की डकैती का मामला बुधवार को विधानसभा में भी गूंजा। उदयपुरवाटी विधायक शुभकरण चौधरी ने कहा कि इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी पुलिस के अधिकारी समय पर नहीं पहुंचे। इस पर मंत्री कटारिया ने वारदात का जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
पुलिस की पांच टीमें रवाना
वारदात को किसी गिरोह ने अंजाम दिया है। किसी जान-पहचान वाले की लिप्तता भी लग रही है। एफएसएल व डॉग स्क्वायड भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। बदमाशों के बारे में कुछ क्लू हाथ लगे हैं। उनकी धरपकड़ के लिए पांच टीमें रवाना की गई हैं।
कुंवर राष्ट्रदीप, एसपी झुंझुनूं