सीकर। आरपीएससी की सैकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती के गणित विषय में 500 में से 11.86 अंक लाने वाले अभ्यर्थियों का चयन हो गया है। जनरल नॉलेज के पेपर में 100 और गणित के पेपर में 150 सवाल पूछे गए थे। प्रत्येक सवाल दो अंक का था। इस हिसाब से टीएसपी कैटेगरी के इन अभ्यर्थियों ने दोनों पेपर में महज छह सवालों के जवाब देकर सफलता हासिल कर ली। गणित विषय में टीएसपी (एसटी) के जनरल कैटेगरी की कट ऑफ 2.37 फीसदी ही रही है।
इसी वर्ग में महिला कट ऑफ भी हैरान करने वाली है। इस वर्ग की महिलाएं 28.73 अंक में ही पास हो गईं। सामान्य ज्ञान व गणित का पेपर 500 नंबर का था। गणित, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी व विज्ञान सहित सहित सात विषयों का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। हालांकि टीएसपी एरिया की कई कैटेगरी में अभ्यर्थी ही नहीं मिले हैं। गणित विषय में जनरल कैटेगरी की कट ऑफ 185.33 और सामाजिक विषय की कट ऑफ 341.17 अंक रही है।
सीकर के निर्मल व नेकीराम प्रदेश मेरिट में
सामाजिक विज्ञान के रिजल्ट में सीकर के अभ्यर्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। सीकर के निर्मल आर्य प्रदेश में चौथे पायदान पर रहे हैं। साल 2012 में भी उनका सलेक्शन हो गया था लेकिन उन्होंने ज्वाॅइन नहीं किया था। निर्मल आर्य ने अंग्रेजी विषय में भी प्रदेश स्तर पर 13वीं रैंक हासिल की है। वहीं, आलमास निवासी छात्र नेकीराम ने प्रदेश में छठा और एससी वर्ग में पहला स्थान पाया है। नेकीराम राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल बलारां के छात्र रहे हैं।
गणित में ज्यादातर सवाल सही, लेकिन सूची में नाम नहीं
कांवट के घस्सीपुरा के अभ्यर्थी झाबरमल का आरोप है कि आयोग द्वारा जारी आंसर-की के मिलान के बाद उसके 326 अंक बनते हैं। वह गणित विषय का अभ्यर्थी है। उसका कहना है कि ओबीसी कैटेगरी में कट ऑफ 172 रही है। इसके बाद भी चयन सूची में उसका नाम नहीं है। उसने आरपीएससी को भी फैक्स के जरिए शिकायत दर्ज कराई है।
रिजल्ट एक नजर
गणित में 2182 और सामाजिक विज्ञान में 706 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी की गई है। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक भी ऑनलाइन कर दिए गए थे। अभ्यर्थी अपने रोल नंबर और जन्म तिथि डालकर प्राप्तांक देख सकते हैं। अभी सभी विद्यार्थियों के लिए प्राप्तांक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
शिक्षा मंत्री के बयान का मुंहतोड़ जवाब
' बलारां स्कूल के छात्र नेकीराम ने सामाजिक में प्रदेश में छठी व एससी वर्ग में पहली रैंक हासिल की है। उसकी रैंक ने शिक्षा मंत्री के उस दावे का मुंहतोड़ जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकारी स्कूलों से टॉपर नहीं निकलते।'
- अरविंद भास्कर, संगठन मंत्री, राजस्थान शिक्षा सेवा प्राध्यापक संघ
कांग्रेस ने की थी टीएसपी के लिए आरक्षण की घोषणा
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जनजाति उपयोजना क्षेत्र (टीएसपी) के गैर आदिवासियों को शेष 50 फीसदी आरक्षण में वरीयता की घोषणा की थी। इससे पूर्व टीएसपी क्षेत्र के एसटी वर्ग को 45 तथा एससी वर्ग को 5 फीसदी आरक्षण दिया जाता था। अब सरकारी नौकरियों, शिक्षण संस्थानों में प्रवेश को लेकर टीएसपी के इन गैर आदिवासियों को शत प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है।
रिजर्व ही रखा जाएगा :
टीएसपी के लिए आरक्षित पद खाली रह जाते हैं तो उन्हें रिजर्व ही रखा जाता है। यह पद अगली भर्ती में शामिल होंगे। शिक्षक भर्ती में भी कई पद खाली रह गए।
रिजल्ट का विश्लेषण
1 अंग्रेजी के रिजल्ट में भी सीकर ने अच्छा प्रदर्शन किया है। विज्ञान के पेपर में भी यहां के होनहारों ने अच्छे मार्क्स हासिल किए हैं।
2 गणित विषय में पास होने वाले ज्यादातर विद्यार्थियों ने जीके के पेपर में ज्यादा मार्क्स हासिल किए हैं। मैथ्स में 300 के पेपर में 40 से 60 और जीके में 200 में से 150 अंक हासिल किए हैं।
3 शिक्षक भर्ती में सामाजिक ज्ञान के पेपर में भी कट ऑफ ऊंची गई है। क्योंकि सामाजिक के पेपर के कई सवाल हार्ड आए थे। इसी वजह से जनरल की कट ऑफ 341.17 रही है।
सोशल साइट पर भी उठते रहे आरक्षण के सिस्टम पर सवाल
1 आरक्षण का भयावह चेहरा। 11 नंबर लेने वाले भी बच्चों को पढ़ाएंगे। शिक्षा में गिरावट का जिम्मेदार कौन?
2 योग्यता की कद्र ही नहीं। यहां काबिल बेरोजगार हैं और अयोग्य मालामाल हैं।
3 अब बच्चे 11 अंक वाले से गणित पढ़ेंगे तो सोचिए, वह कैसा गणित सीखेगा।