पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

एनएसयूआई और एसएफआई के छात्र भिड़े, पथराव के बाद पुलिस का लाठीचार्ज

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रामगढ़ शेखावाटी. कस्बे की आरएन रूइया कॉलेज में बुधवार को वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र संगठन आमने सामने हो गए। चुनाव के बाद से ही एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में चल रही रंजिश कार्यक्रम शुरू होते ही सामने आ गई। बात एनएसयूआई के टिकट पर जीते संयुक्त सचिव संदीप सिहाग को मंच पर नहीं बिठाने से शुरू हुई। छात्रों ने मंच पर कुर्सियां फेंकी और पुलिस पर भी पथराव किया। पुलिस को लाठीचार्ज कर हुड़दंगी छात्रों को खदेडऩा पड़ा।
राजकीय रुइया कॉलेज में छात्र संगठन एबीवीपी के नेतृत्व में बुधवार को वार्षिकोत्सव व सांस्कृतिक कार्यक्रम घूमर 2014 का आयोजन रखा गया था। कार्यक्रम में मंच पर छात्रसंघ चुनावों में एबीवीपी के तीन विजेता पदाधिकारी अध्यक्ष नरोत्तम शर्मा, उपाध्यक्ष विकास सोनी, महासचिव संदीप धौलपुरिया को ही बिठाया गया था।
एनएसयूआई के टिकट पर जीते संयुक्त सचिव संदीप सिहाग को मंच पर नहीं बिठाया गया। इस कारण कार्यक्रम शुरू होते ही एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया और मंच पर कुर्सियां फेंकी। उस वक्त प्राचार्य और कॉलेज स्टाफ ने समझाइश कर मामला शांत करवा दिया व कार्यक्रम फिर से शुरू हो गया। करीब एक घंटे बाद छात्रों ने बीच में आकर हंगामा शुरू कर दिया और कार्यक्रम को रोक दिया। इस दौरान समझाने गए कॉलेज स्टाफ व पुलिसकर्मियों से दुव्र्यवहार किया गया। कुछ ही देर में दोनों तरफ से पहले लात घूंसे और फिर लाठी सरिए चलने लगे। पुलिस ने रोकना चाहा तो पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने सभी छात्रों को कॉलेज परिसर से बाहर निकाल दिया। बाहर आकर दोनों संगठनों के छात्र फिर भिड़ गए। इस पर पुलिस ने लाठियां भांजकर उत्पाती छात्रों को खदेड़ा। इसके बाद भी कई छात्र लाठियां लेकर घूमते रहे। पुलिस ने मामले में हेतमसर निवासी बाबू खां पुत्र नबाब अली व गुदड़वास निवासी संदीप पुत्र सुभाष जाट को गिरफ्तार किया है।
सहम गई छात्राएं : कार्यक्रम में हुड़दंग होने के कारण कॉलेज की छात्राएं सहम गई। बचने के लिए छात्राएं कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर वहां से चली गई।
अतिथियों ने दिया आपस में मिलकर रहने का संदेश : छात्र संगठनों के बीच हुए आपसी विवाद के दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विकासनाथ महाराज, समारोह अध्यक्ष राजकुमार झाझडिय़ा सहित वक्ताओं ने छात्रों को आपस में मिलकर कार्य करने व आपसी विवाद को बैठकर निपटाने की सलाह दी।
झगड़े का कारण आपसी विवाद
महाविद्यालय प्राचार्य बीएल जांगिड़ ने बताया कि वार्षिक उत्सव में हुए झगड़े का मुख्य कारण छात्र संगठनों के बीच आपसी विवाद रहा। कार्यक्रम में छात्र गुटों के बीच चल रही तनातनी को लेकर महाविद्यालय की अनुशासन समिति सक्रिय थी। छात्र गुटों में दो- तीन बार पूर्व में भी विवाद हो चुका है। पांच-सात दिन पूर्व गेम्स के दौरान भी छात्र गुट आपसी में उलझ गए थे, जिन्हें बाद में समझाकर शांत किया गया। कॉलेज के छात्र जयपुर से आई सांस्कृतिक टीम का कार्यक्रम देखना चाह रहे थे, लेकिन उत्पाती छात्रों ने कार्यक्रम रुकवा दिया। बाद में महाविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को तुरंत रोक दिया। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा पुलिस को कार्यक्रम के दौरान हंगामा करने वाले छात्रों की सूची देकर कार्रवाई करने की बात कही गई है।
छात्रसंघ अध्यक्ष ने पुलिस में दी रिपोर्ट
महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष नरोत्तम शर्मा ने पुलिस थाना में कार्यक्रम के दौरान हुड़दंग करने को लेकर छात्र संगठन एनएसयूआई और एसएफआई के छात्रों को जिम्मेदार बताते हुए रिपोर्ट दी। उन्होंने दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं द्वारा धमकी देने व छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। एबीवीपी अध्यक्ष ने 11 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है।