सीकर। आभावास ग्राम में चल रहे भामाशाह शिविर के अंतिम दिन बुधवार को 90 लोगों के कार्ड नहीं बन पाए। ऑपरेटर ने अपने रिश्तेदार का कार्ड बिना लाइन के बना दिया तो लोगों ने आक्रोश जताया। मामले को लेकर कहासुनी हो गई।
जानकारी के अनुसार शिविर के अंतिम दिन 1390 आवेदन आधार कार्ड के लिए प्रस्तुत हुए। शाम तक 1300 आवेदनों का कार्य पूर्ण हो पाया, 90 लोगों के आवेदनों पर कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान लोगों की लंबी लाइन लगी हुई थी। कम्प्यूटर ऑपरेटर ने बिना लाइन के अपने रिश्तेदार को बुलाकर कार्ड बना दिया। लाइन में लगे लोगों ने इसका विरोध जताया।
इस कारण शिविर में मौजूद ग्रामीणों व कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। सरपंच मोहन लाल कुलरिया व पुलिसकर्मियों ने समझाने का प्रयास किया तो लोगों ने बताया कि उनके कार्ड बनने के बाद ही जाने दिया जाएगा। सरपंच ने लोगों को आश्वासन दिया कि जिन लोगों के आधार कार्ड नहीं बने हैं, उनके लिए अलग से एक दिन तय कर कार्ड बनाए जाएंगे। इस पर लोग शांत हुए।