सीकर.करीब एक साल से लंबित पड़ा सीकर शहर का उद्योग नगर थाना जल्द ही शुरू हो जाएगा। थाने के लिए पुलिस लाइन में जगह चिन्हित कर ली गई है और एक पुरानी बैरक में शुरू किया जाएगा। इसके लिए बैरक की पुताई करवाई जा रही है। हालांकि प्रशासन व मंत्री इस थाने के लिए अब भी जमीन नहीं दिला पाए हैं। उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर ने पांच दिन पहले ही थाना नहीं खुलने का मामला उठाया था।
जानकारी के मुताबिक पिछले बजट में घोषणा होने के बाद पुलिस विभाग ने गोकुलपुरा के पास खाली पड़े आरटीडीसी भवन को थाने के लिए चिन्हित किया था। भवन किराए पर दिलाने के लिए कलेक्टर के पास फाइल भेजी गई थी। अब तक प्रशासन न तो थाने के लिए जमीन दे पाया और न ही आरटीडीसी का भवन किराए पर दिला पाया। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने थाना शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए थाने का रिकॉर्ड छांटने का काम भी शुरू हो गया है। इसी हफ्ते यह थाना शुरू कर दिया जाएगा।
'पुलिस लाइन में उद्योग नगर थाने के लिए जगह चिन्हित की है। रिकॉर्ड छंटाई का काम शुरू कर दिया है। पांच सात दिन में थाना शुरू कर दिया जाएगा।'
सत्यवीर सिंह, एसपी
यह इलाका होगा शामिल
उद्योग नगर थाने में शहर कोतवाली का बस डिपो, शांतिनगर, रीको, जयपुर रोड, राधाकिशनपुरा, राणी सती पिपराली रोड व नवलगढ़ रोड का एक तरफ का इलाका शामिल किया जाएगा। इसके अलावा सदर थाने का गोकुलपुरा, रामू का बास,मलकेड़ा, बाजौर, दासां की ढाणी झुंझुनूं बाइपास,खीचड़ों का बास और दादिया का शिवसिंहपुरा, जेल व झुंझुनूं बाइपास का इलाका शामिल होगा।