पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • RKCL, Cheating, Openly Copied,computer Test, Exam

RKCL की कम्प्यूटर परीक्षा में खुलेआम नकल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सीकर/फतेहपुर.राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (आरकेसीएल) की वर्धमान महावीर खुला विवि द्वारा आयोजित राजस्थान स्टेट सर्टिफिकेट कोर्स इन आईटी की परीक्षा सवालों के घेरे में है। कई परीक्षा सेंटरों पर खुलेतौर पर नकल कराने के मामले सामने आए है। कई जगह तो तय समय से ज्यादा समय तक परीक्षार्थी केंद्र पर डटे रहे।
फतेहपुर के विद्या भारती स्कूल में परीक्षा केंद्र पर परीक्षा पूरी तरह मजाक नजर आई। मीडिया जब केंद्र पर पहुंचा तो परीक्षार्थियों को गैलरी में पास-पास बैठा रखा था। जहां परीक्षार्थी नकल करते मिले। हैरानी की बात यह है कि परीक्षा दोपहर एक से दो बजे तक ही थी लेकिन परीक्षार्थी दोपहर 2.20 बजे तक पेपर हल करते मिले। जिले के अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी नकल की जानकारी सामने आई है। फतेहपुर एसडीएम बीएस मीणा का कहना है कि उन्हें परीक्षा की कोई जानकारी नहीं है।
'परीक्षा में नकल का कोई मामला जानकारी में नहीं आया है। यदि फतेहपुर के परीक्षा केंद्र में नकल हुई थी तो जांच कराएंगे। उत्तर पुस्तिका जांच करवाते वक्त भी यह ध्यान रखा जाएगा।'
प्रो. विनय पाठक, कुलपति, वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा
'सभी जगह माकूल व्यवस्था की गई थी। प्रदेश में कहीं पर भी नकल का मामला सामने नहीं आया है। यदि कई परीक्षार्थियों ने नकल की है तो जांच कराएंगे।'
अतुल वाघलेकर, एमडी, आरकेसीएल
'परीक्षा में किसी तरह की नकल नहीं हुई। केंद्र पर परीक्षा की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण देर तक परीक्षा चलती रही।'
सुरेश कुमार, संचालक, विद्या भारती स्कूल फतेहपुर
प्रशासन को बताया तक नहीं
: परीक्षा हर साल ऑनलाइन होती थी। जिला परिषद में कनिष्ठ लिपिक सीधी भर्ती में ज्यादा आवेदन होने की वजह से पहली दफा ऑफलाइन की गई।
: स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए। निगरानी के लिए प्रशासन की कोई मदद नहीं ली गई। यहां तक की बताया तक नहीं गया। परीक्षा केंद्रों पर फ्लाइंग टीम तक नहीं तैनात की गई।
आसान आया पेपर
सीकर में परीक्षा के लिए 22 हजार 565 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 60 फीसदी परीक्षार्थी शामिल हुए। आरकेसीएल सेंटर संचालक रणजीत सिंह बगड़िया ने बताया कि पेपर काफी आसान रहा है। परीक्षा सीकर, दांतारामगढ़, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, श्रीमाधोपुर व खंडेला में हुई।