सीकर। खेतड़ी रोड पर बुधवार सुबह साढ़े सात बजे निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। पांच छात्रों को मामूली चोटें आई। प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार मावंडा की तरफ से अरावली स्कूल की बस छात्रों को लेकर आ रही थी। खेतड़ी रोड पर जोड़ला जोहड़ के पास साइड लेने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई।
पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। लोगों ने शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। शोर-शराबा व रोने की आवाज से बस में सवार सभी 30 बच्चे डर गए। लोगों ने बस से सभी बच्चों को बाहर निकालकर एक जगह किया। हादसे के बारे में पुलिस व 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई। लोगों ने चोटिल बच्चों को निजी वाहनों से कपिल अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर स्कूल शिक्षक मौके पर पहुंच गए।
बस में सवार अभयसिंह, सौरभ भाटिया, मयंक, प्रियांशी व हिमांशु को चोटें आई। हादसे के बाद बस में सवार अन्य छात्रों को दूसरे वाहनों से स्कूल भेजा गया। सूचना पर अस्पताल में बच्चों के परिजन भी पहुंच गए। एसडीएम रणसिंह, डीवाईएसपी शिवलाल बैरवा भी मौके पर पहुंचे।
सड़कों पर रोज दौड़ती हैं खटारा बालवाहिनी :
शहर की सड़कों पर स्कूली बच्चों को लेकर हर रोज खटारा बालवाहिनी दौड़ती हैं। परिवहन व पुलिस विभाग ऐसे वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं करता। स्कूल प्रबंधन भी ऐसे खटारा वाहनों में बच्चों को भरकर भेजते हैं। हादसों के बाद भी शहर की सड़कों पर दौड़ती खटारा बालवाहिनी पर अंकुश लगाने की दिशा में कोई पहल नहीं हुई।