लक्ष्मणगढ़ (सीकर)। नगरपालिका की बजट बैठक गुरुवार को पालिकाध्यक्ष दिनेश जोशी की अध्यक्षता में हुई। इसमें आगामी वित्त वर्ष के लिए 105 करोड़ रुपए से अधिक के बजट प्रस्तावों को पारित किया गया। पिछले साल की तरह शहर की सीवरेज योजना के लिए इस साल भी 90 करोड़ का प्रावधान करने के अलावा आठ करोड़ 27 लाख रुपए सड़कों एवं नालियों सहित इंदिरा आवास योजना की भूमि के पास हाल ही में अतिक्रमण से मुक्त करवाई गई जमीन पर सार्वजनिक पार्क निर्माण जैसे प्रस्ताव रखे गए।
ईओ प्रियंका बुडानिया ने बैठक का संचालन किया। बैठक में सदस्यों ने सफाई व रोशनी व्यवस्था पर भी ध्यान देने की बात कही। इस मुद्दे पर सदस्यों की आपस में नोकझोंक भी हुई। सदन ने स्टेट ग्रांट, निर्माण स्वीकृति व खांचा भूमि सहित अन्य पत्रावलियों का भी अनुमोदन किया। बैठक की समाप्ति पर पार्षद भंवरू खां को श्रद्धांजलि दी गई।
इस तरह खर्च होंगे 105 करोड़
बैठक में 105 करोड़ के बजट प्रस्तावों में सीवरेज योजना जो पिछले तीन सालों से अधरझूल में है, के लिए इस साल फिर से 90 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा आठ करोड़ 27 लाख की सड़कें व नालियां, 15 लाख की हाईमास्ट लाइटें, 50 लाख की ट्रैक्टर-ट्रॉली व सफाई उपकरण खरीद, 90 लाख रुपए बिजली सामान क्रय, स्ट्रीट लाइट संधारण व बिजली बिलों के भुगतान के लिए, नाला सफाई के लिए 20 लाख तथा इंदिरा आवास योजना के पास की भूमि पर सौ गुणा सौ मीटर सार्वजनिक पार्क के लिए 50 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।
भूमिहीनों को पालिका देगी 50 गज का भूखंड
बैठक मेंे भूमिहीनों को भूखंड देने का निर्णय लिया गया। पालिकाध्यक्ष दिनेश जोशी ने हाल में पालिका की भूमि से बेदखल किए गए अवैध रूप से काबिज गरीब व भूमिहीन परिवारों के पुनर्वास के लिए 50 गज का प्लॉट प्रत्येक परिवार को दिए जाने का प्रस्ताव रखा। इस पर सदस्यों ने सहमति प्रदान की।
पुलिस, पालिका व दान दाता को मिलेगी दुकान
तोदी कॉलेज रोड पर बाईपास के निर्माणाधीन नए बस स्टैंड पर अब 10 की बजाय 20 दुकान बनवाई जाएगी। इनमें से एक दुकान पुलिस के लिए, एक पालिका स्वयं रखेगी तथा एक दुकान कार्यालय के लिए बस स्टैंड का निर्माण करवाने वाले प्रवासी दानदाता मुरारका परिवार को दी जाएगी। शेष 17 दुकानें साइज के हिसाब से अमानता राशि लेकर लॉटरी द्वारा आबंटन प्रक्रिया से किराए पर दी जाएगी। नया बस स्टैंड मई तक बनकर तैयार हो जाएगा।ट
पालिकाध्यक्ष ने माना- रोशनी व्यवस्था खराब रही
बैठक के दौरान पालिकाध्यक्ष दिनेश जोशी ने स्वीकार किया कि उनके बोर्ड की सबसे खराब परफोर्मेंस रोशनी व प्रकाश व्यवस्था की रही। सदस्यों के सामने स्वयं चेयरमैन ने उक्त बात को स्वीकारते हुए ईओ से वर्तमान बिजली व्यवस्था के ठेकेदार को नोटिस देने व उसका टेंडर निरस्त करने की बात कही। पार्षदों ने सफाई व्यवस्था की बात कही।
(फोटो- नगर पालिका की बजट बैठक में पालिकाध्यक्ष से उलझते पार्षद।)