पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सपने देखना कांग्रेस की पुरानी आदत : चतुर्वेदी

भाजपा मंत्री का कांग्रेस पर कटाक्ष, बोले- सपने देखना कांग्रेस की पुरानी आदत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सीकर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने कहा है कि सपने देखना कांग्रेस की पुरानी आदत है। उसको इस आदत को छोड़कर विपक्ष की भूमिका निभाते हुए भाजपा सरकार द्वारा एक साल में कराए गए विकास कार्यों का सही आंकलन करना चाहिए।
चतुर्वेदी ने गुरुवार को सर्किट हाउस में कांग्रेस पर झूठ बोलकर भाजपा सरकार के खिलाफ भ्रामक प्रचार करने के आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनावों में भी गलत बयानबाजी कर जनता को बरगलाने का प्रयास किया था लेकिन जनता ने भाजपा के पक्ष में मतदान कर कांग्रेसियों की बोलती बंद कर दी थी। अब पंचायत चुनावों में भी उन्हें दिखा देंगे कि जनता का विश्वास भाजपा में ही है।

शेखावाटी में निकाय चुनावों में भाजपा की सीटें कम आने पर चतुर्वेदी ने कहा कि उतार-चढ़ाव तो आते रहते हैं। इस पर नीमकाथाना के विधायक प्रेमसिंह बाजौर ने कहा कि निकाय चुनावों में भी पहले से ज्यादा आगे बढ़े हैं। प्रदर्शन में सुधार हुआ है। वोट का प्रतिशत भी बढ़ा है।
समारोह में सीएम पेश करेंगी एक साल का लेखा-जोखा

चतुर्वेदी ने बताया कि जयपुर में होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एक साल का लेखा जोखा जनता के सामने प्रस्तुत करेंगी। वहीं आगामी योजनाएं के बारे में अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम में दिल्ली से केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी व पियूष गोयल शामिल होंगे। वहीं प्रदेश से राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सांवरमल जाट व निहालचंद मेघवाल प्रतिनिधित्व करेंगे। चतुर्वेदी के अनुसार कार्यक्रम में प्रदेश के 47 हजार बूथों से करीब दो लाख लोग एकत्रित होंगे। जिले से आने वाली हर बस पर संबंधित तहसील व पंचायत का नाम लिखा होगा।

अधिकारियों को दिए पेंडेंसी निपटाने के निर्देश

चतुर्वेदी ने इससे पहले विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें छात्रवृत्ति सहित अन्य कार्यों की पेंडेंसी निपटाने के निर्देश दिए। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक मनोज गढ़वाल, बाल अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक गार्गी शर्मा सहित अल्पसंख्यक विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
विधायकों-पदाधिकारों की बैठक ली

चतुर्वेदी नेे जिले के भाजपा विधायकों सहित पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। जिसमें 13 दिसंबर को भाजपा सरकार द्वारा एक साल पूरा किए जाने के उपलक्ष्य में जयपुर में जनपथ पर होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में शामिल होने के लिए जिले से 21 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने का लक्ष्य दिया गया। बैठक के दौरान जयपुर से विधायक सुरेंद्र पारीक व जिले के विधायक झाबर सिंह खर्रा, रतन जलधारी, गोरधन वर्मा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हरिराम रणवां, महेश शर्मा, महामंत्री भंवरलाल वर्मा, बाबू सिंह बाजौर, गिरधारीलाल शर्मा, प्रभू सिंह गोगावास, गोविंद बिजारणिया, गजानंद कुमावत, बलदेव सिंह खंडेला, शोभ सिंह अनोखू आदि उपस्थित थे। चतुर्वेदी ने इस दौरान सर्किट हाउस का भी निरीक्षण किया।
(फोटो- सर्किट हाउस में हुई बैठक में मौजूद मंत्री अरूण चतुर्वेदी, जिले के विधायक व अन्य)