पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

'एटीएम पर गार्ड लगाओ, नहीं तो रात को बंद' बैंक अधिकारियों को निर्देश

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सीकर. शहर में धोद रोड से एटीएम उखाड़ ले जाने की घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने बैंकों के साथ मिलकर सुरक्षा प्लान तैयार किया है। पुलिस ने बैंक प्रबंधकों को कह दिया है कि एटीएम पर सिक्योरिटी गार्ड नहीं लगा पा रहे हैं तो रात को इन्हें बंद कर दो। नया एटीएम लगाने से पहले संबंधित पुलिस स्टेशन से सिक्योरिटी वेरिफिकेशन जरूरी होगी। मंगलवार को एसपी के साथ बैंक अधिकारियों की बैठक में इन बिंदुओं पर चर्चा हुई।

मीटिंग में तय किया गया कि सुरक्षा को लेकर बैंक आरबीआई की गाइडलाइन को पूरी तरह फॉलो करें। सिक्योरिटी एजेंसी के भरोसे इंतजाम नहीं छोड़ें। बैंक अधिकारी खुद मौके पर जाकर यह देखें कि सिक्योरिटी एजेंसी ने किस तरह के इंतजाम कर रखे हैं। सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग का स्टोरेज बैंक दूसरी जगह भी रखे। क्योंकि एटीएम में घटना करने वाले सीसीटीवी को तोड़कर हार्ड डिस्क ले जाते हैं। अलार्म सिस्टम होना चाहिए ताकि तुरंत पुलिस को घटना का मालूम पड़ जाए। लीड बैंक के अधिकारी व सीओ सिटी शहर के तमाम एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को चैक करेंगे। एटीएम को जमीन में ठीक से फिक्स किया जाए और बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगें।

एसपी हैदर अली जैदी ने बताया कि मीटिंग के बाद फतेहपुर रोड के कुछ एटीएम को देखा तो सीसीटीवी खराब मिले और गार्ड नहीं मिले। एसपी का कहना है कि तमाम पाइंट को रिव्यू करने के लिए आठ फरवरी को दुबारा मीटिंग बुलाई है। एएसपी प्रकाश शर्मा ने एसबीआई के सिक्योरिटी ऑफिसर को बुलाकर बातचीत की। इस दौरान पीएनबी, एसबीआई, एसबीबीजे सहित कई बैंकों के मैनेजर मौजूद रहे।

सुरक्षा के लिए गाइड लाइन

  • एटीएम में 24 घंटे गार्ड तैनात रहे।
  • एटीएम कैबिन के अंदर व बाहर सीसीटीवी हो।
  • सीसीटीवी कैमरे नाइट विजन की सुविधा युक्त हो।
  • केबिन के शीशे पारदर्शी हो।
  • इस पर किसी तरह की विज्ञापन सामग्री न चस्पा हो।
  • एटीएम में किसी भी तरह की छेड़छाड़ पर साइरन बजे।
  • बिजली कट के दौरान अलग से लाइट की व्यवस्था हो।