सीकर.राज्य के आईएएस, आरएएस व आरटीएस अधिकारियों के बीच अब खेल मैदान में मुकाबला होगा। राजस्व विभाग के शासन सचिवालय के अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों की 16वीं तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 15 जून से सिरोही में होगी। इसमें कुल 45 टीमें शिरकत करेंगी। जिसमें शासन सचिवालय व राजस्व मंडल, राजस्थान अजमेर, आरआरटीआई अजमेर एवं समस्त राजस्व अपील प्राधिकारी कार्यालय की एक-एक टीम होगी।
सभी संभागीय आयुक्त कार्यालय और जिलों में कार्यरत आईएएस, आरएएस व आरटीएस अधिकारियों की सात व सभी जिला कलेक्टर कार्यालय की 33 टीमें बनेंगी। इनके अलावा सर्व उद्देश्य राजस्व प्रशिक्षणालय, टोंक एवं सभी पटवार प्रशिक्षण शालाओं, भू प्रबंध विभाग राजस्थान एवं उपनिवेशन विभाग बीकानेर की भी एक-एक टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 31 मई तक सिरोही कलेक्टर के पास नाम व प्रवेश शुल्क भेजना होगा। एडीएम जीएल कटारिया ने बताया कि जिले से टीम जाएगी। इसके लिए जल्द ही खिलाड़ियों की सूची बनाई जाएगी।
ये होंगी प्रतियोगिताएं
फुटबॉल, वॉलीबाल, बॉस्केटबॉल, कबड्डी, लॉन टेनिस एकल व युगल, कैरम, टेबल टेनिस एकल व युगल, बैडमिंटन एकल व युगल, एथलेटिक्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम(एक राजस्थानी गायन, एकल वाद्य संगीत, एकल गायन गैर फिल्मी) एवं मार्च पास्ट की प्रतियोगिता होंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम व मार्च पास्ट को छोड़ बाकी प्रतियोगिताओं के लिए 20 से 50 रुपए प्रति खिलाड़ी व प्रति टीम प्रवेश शुल्क लगेगा।
शराब का सेवन किया तो लगेगा प्रतिबंध
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले ऑन ड्यूटी माने जाएंगे। इस दौरान शराब, गुटखा व अन्य नशे की वस्तुओं पर प्रतिबंध रहेगा। पूरी पाबंदी के लिए रात को कमरों में औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। यदि कोई इन नशीली वस्तुओं का सेवन करता पाया गया तो संबंधित के खिलाड़ी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही पूरे सेवा काल के दौरान प्रतियोगिता के लिए अपात्र घोषित कर दिया जाएगा।