सीकर. इलाके के मांवडा खुर्द बस स्टैंड के पास सोमवार को बस की छत पर बैठे 11 वीं के छात्र के गले में केबल फंस गई। जिससे वह चलती बस से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस पर बस बदलने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। काफी समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस के मुताबिक ढाणी गुमानसिंह का रहने वाला 16 वर्षीय विकास उर्फ छोटू पुत्र हजारीलाल सैनी सोमवार सुबह करीब नौ बजे मावंडा से स्कूल आने के लिए बस की छत पर सवार हुआ था।
अचानक उसके गले में केबल अटक गई जिससे वह छत से नीचे गिर गया। हादसे के बाद आस-पास के लोग उसको कपिल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अंतिम संस्कार कर रहे ग्रामीणों को सूचना मिली कि जिस बस से हादसा हुआ उसकी जगह दूसरी बस थाने में खड़ी हुई है। इस पर परिजन थाने पहुंच गए। उन्होंने बस बदलने को लेकर आक्रोश जताया। बाद में पता चला कि जिस बस से एक्सीडेंट हुआ वह थाने में खड़ी हुई थी। इसके बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।