सीकर. राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल काशी का बास के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय माध्यमिक का घेराव कर तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। इनकी मांग है कि स्कूल में टीचर सिर्फ दो-दो पीरियड के लिए लगाए हैं। इन्हें पूरे समय के लिए लगाया जाए।
दोपहर करीब एक बजे स्टूडेंट्स स्कूल से प्रदर्शन के लिए पहुंचे। फिर एसएफआई के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। शिक्षा विभाग ने स्थिति को देखते हुए पुलिस जाब्ता बुला लिया। ग्रामीणों की मांग है कि विद्यार्थियों के प्रदर्शन व जाम लगाने के बाद यहां दो व्याख्याता सिर्फ दो-दो पीरियड के लिए दूसरे स्कूलों से लगाए गए हैं। इससे स्कूल में पढ़ाई के हाल नहीं सुधरने वाले हैं। इसलिए शिक्षक पूरे समय के लिए लगाए जाने चाहिए।
एडीईओ अरुण माथुर का तर्क है कि यह फैसला जिला शिक्षा अधिकारी ही कर सकते हैं। डीईओ निरीक्षण के लिए मुख्यालय से बाहर थे। लेकिन स्टूडेंट्स व ग्रामीण नहीं माने और नारेबाजी करते रहे। करीब तीन घंटे के हंगामे के बाद एडीईओ ने प्रस्ताव डीईओ तक पहुंचाने की बात कही।
ग्रामीणों का कहना है कि केमेस्ट्री, फिजिक्स, इंग्लिश सहित अन्य विषयों के आठ पद खाली हैं। शिक्षक नहीं होने के कारण स्कूल में पढ़ाई नहीं हो रही। एडीईओ ने बताया कि व्याख्याताओं के पीरियड बढ़ा दिए जाएंगे।