सीकर। हरियाणा के खोरी रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह एक मालगाड़ी के डिब्बे पटरियों से उतरने के कारण रींगस-फुलेरा ट्रैक करीब तीन घंटे तक प्रभावित रहा। इससे कई ट्रेन लेट हो गई। कुछ ट्रेनों को नीमकाथाना रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा।
जानकारी के अनुसार तुगलगाबाद मालगाड़ी रेवाड़ी की तरफ जा रही थी। अनियंत्रित होने से तीन डिब्बे नीचे उतर गए। दुर्घटना सुबह 9.30 बजे हुई। इसके बाद रेवाड़ी-रींगस ब्रॉडगेज रूट पूरी तरह रुक गया। ट्रेनों को रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों पर जगह-जगह रोका गया। एमएफडी की टीम ने मौके पर पहुंचकर पटरी से उतरे डिब्बों को हटाया। दोपहर 12.30 बजे रेलवे ट्रक फिर शुरू हो सका।
इससे पहले जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन कुंड, पाली स्टेशनों पर रुकती हुई दोपहर 12 बजे रेवाड़ी पहुंची। जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन नीमकाथाना से सुबह 8.40 बजे रवाना हुई थी। कुछ देर बाद ही खोरी स्टेशन पर हुई दुर्घटना के कारण ट्रेन को छोटे स्टेशनों पर रोका गया।
तीन घंटे देरी के कारण यात्रियों को भी परेशानी हुई। कई मालागाड़ियां भी प्रभावित हुई। स्टेशन पर दिनभर यात्रियों की भीड़ लगी रही। टिकट काउंटरों पर भी यात्री कतार में खड़े रहे। रेलवे ट्रेक बाधित रहने के दौरान निकली ट्रेन दो से तीन घंटे देरी से पहुंची।