सीकर.माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 12वीं साइंस के गुरुवार को चार बजे जारी हो रहे परीक्षा परिणाम पर शेखावाटी के 32 हजार विद्यार्थियों की निगाहें हैं। आठ साल में 43 मेरिट हासिल कर चुके यहां के होनहारों को आज फिर उम्मीदें हैं।
पिछले साल यहां की प्रतिभाओं ने प्रदेश की मेरिट में दूसरे, तीसरे, चौथे व पांचवें स्थान सहित दस मेरिट पर कब्जा जमाया था। वहीं, प्रदेश में सीकर रिजल्ट के मामले में दूसरे स्थान पर रहा था। इसके अलावा सीकर के 84.30, झुंझुनूं के 79.11 तथा चूरू के 80.89 फीसदी विद्यार्थी सफल हुए थे। इस बार 12वीं कॉमर्स में पांच मेरिट पर नौ विद्यार्थियों के आने के बाद उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। जेईई मेंस के रिजल्ट से एडवांस के लिए चयनित विद्यार्थी भी साइंस के रिजल्ट और कट ऑफ का इंतजार कर रहे हैं।
प्रदेश में छाया था अंचल
: पिछले साल बोर्ड के इतिहास में पहला मौका था, जब प्रदेश की दस मेरिट में दूसरे, तीसरे, चौथे व पांचवें स्थान सहित दस मेरिट शेखावाटी के खाते में थी।
: साल 2009 में सबसे अधिक आठ मेरिट आई थी। दो साल बाद 2012 में यह रिकॉर्ड टूटा और शेखावाटी के खाते में नया रिकॉर्ड दर्ज हुआ था।
: रिजल्ट में भी सीकर उभरकर प्रदेश में दो नंबर पर आया था और रिजल्ट में दस फीसदी की ग्रोथ हुई थी।
क्या मैथेमेटिक्स में फिर दिखाएंगे कमाल?
शेखावाटी के होनहार हर साल मैथेमेटिक्स व केमेस्ट्री में टॉप पर रहते हैं। इस बार भी उम्मीदें है। पिछले साल के रिजल्ट में मैथेमेटिक्स में कई विद्यार्थियों ने 100 में से 98 अंक तक हासिल किए थे। बोर्ड रिजल्ट के अनुसार, 83.37, फिजिक्स का 81.66 और बायोलॉजी में 89.58 फीसदी विद्यार्थी सफल हुए थे। सीकर के करीब 60 फीसदी विद्यार्थियों ने मैथेमेटिक्स में 98 से 100, फिजिक्स में 55 फीसदी ने 92 से 98 और केमेस्ट्री में 53 फीसदी ने 100 फीसदी अंक तक हासिल किए थे।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि इंजीनियरिंग व डॉक्टरी की तैयारी की वजह से विद्यार्थियों का शुरू से ही फोकस इन विषयों पर रहता है। इसलिए प्रदेश में यहां के विद्यार्थी कमाल दिखाते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि 2012 में आए स्कोरिंग पेपर को देखते हुए इस साल और भी बेहतर रिजल्ट रहने की संभावना है।