खाटूश्यामजी.थाना क्षेत्र के अलोदा गांव में रविवार रात चोरों ने फिर हाथ साफ कर दिए। यहां एक घर में सो रहे परिवार के लोगों के बीच से चोर बक्सा उठाकर ले गए। गांव के ईंट भट्टे के पास ले जाकर चोरों ने बक्से का ताला तोड़ा और नकदी व गहने पार कर लिए। जिस स्थान पर ताला तोड़ा गया उस स्थान पर एक गिलोल भी पुलिस को मिली है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि वारदात में बावरी गिरोह शामिल हो सकता है। पुलिस के मुताबिक सांवलपुरा रोड पर देवी लाल पुत्र भगवाना राम अपने खेत में मकान बनाकर रहता है।
रविवार रात वह परिवार के लोगों के साथ मकान के बाहर सो रहा था। रात को घर में घुसे चोरों ने सामने के कमरे में रखा बक्सा पार कर लिया। सुबह परिवार के लोग उठे तो बक्सा गायब मिली। इस पर उन्होंने पद चिन्हों के आधार पर तलाश शुरू की। चोर बक्से को पहले सांवलपुरा के एक खेत में ले गए और वहां खोलने की कोशिश की। जब बक्सा नहीं खुला तो अलोदा गांव के पास बने ईंट भट्टे के पास गए और वहां ताला तोड़ा।
बक्से में 90 हजार रुपए नकद व करीब साढ़े तीन लाख के गहने रखे हुए थे। चोरों ने बक्से में रखे कागजातों को वहीं छोड़ दिया। सोमवार सुबह सूचना मिलने पर डीएसपी रामप्रकाश शर्मा व खाटू पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल की मदद से मौके से पदचिन्ह भी उठाए हैं।
आठ दिन पहले भी हुई थी वारदात
अलोदा रोड पर आठ दिन पहले भी चोरों ने लाखों का माल पार किया था। सोहन लाल निठारवाल के घर की खिड़की तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। उस दिन भी मौके पर चार या पांच लोगों के पदचिन्ह मिले थे। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि दोनों वारदातों में एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है।
ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
इलाके में लगातार हो रही चोरियों को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया है। सोमवार को ग्रामीण थाने पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मिलकर चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की।