फतेहपुर/सीकर। स्वाइन फ्लू जिले में बेकाबू हो रहा है। मंगलवार को तीन और स्वाइन फ्लू पॉजीटिव सामने आए। इसके अलावा सीकर में दो व नीमकाथाना इलाके में 17 लोग संदिग्ध मिले हैं। इनमें से एक को जयपुर रैफर किया है। एक का नीमकाथाना और दो रोगियों का एसके अस्पताल में इलाज चल रहा है।
फतेहपुर ब्लॉक सीएमओ डॉ. दिलीप कुल्हरि ने बताया कि बेसवा में बड़ी मस्जिद के मौलवी अब्दुल रहमान स्वाइन फ्लू पॉजीटिव मिले हैं। अब्दुल रहमान 29 जनवरी को झारखंड से बेसवा आए। स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने पर इलाज करवाया। सुधार नहीं होने पर सीकर और बाद में जयपुर रैफर कर दिया। जयपुर में जांच के दौरान अब्दुल रहमान स्वाइन फ्लू पॉजीटिव पाया। फागलवा निवासी मंजू देवी, भूदोली के पांच वर्षीय आशु भी स्वाइन फ्लू पॉजीटिव मिले हैं। इसके अलावा नीमकाथाना में 17 संदिग्ध रोगी मिले। इनमें से पापड़ा उदयपुरवाटी निवासी मन्नीदेवी को जयपुर रैफर किया है। बोड़ावास कोटपूतली की पुष्पा को कपिल अस्पताल नीमकाथाना में भर्ती कराया है। बाकी को दवाई देकर भेज दिया।
'अब तक जिले में 12 स्वाइन फ्लू पॉजिटिव रोगी सामने आए हैं। इनमें से एक की मौत हुई तो दो इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। अन्य का इलाज चल रहा है।' डा. रतन मोदी, सीएमएचओ
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया सर्वे : बेसवा में स्वाइन फ्लू का रोगी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच की। पत्नी, बच्चों सहित पांच लोगों को सीकर रैफर किया गया। गांव में रेपिड रिस्पोंस टीम ने 128 घरों में सर्वे किया। गांव में सर्दी, जुखाम के 42 रोगी पाए गए। इन्हें दवा दी गई।
विधायक ने दी स्वाइन फ्लू पॉजीटिव की सूचना : विधायक रतनलाल जलधारी ने स्वास्थ्य विभाग को एक स्वाइन फ्लू पॉजीिटव मरीज की सूचना दी। दोला की ढाणी- देवलानाडा निवासी गोपाल गुर्जर ने बताया कि दो दिन पहले जयपुर में जांच कराई थी। मंगलवार को रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू मिला। विभाग का कहना है कि मरीज से संपर्क नहीं हो पाया। बुधवार को टीम भेजी जाएगी।
रिपोर्ट के लिए चक्कर लगा रहे लोग : संदिग्ध मरीज जांच रिपोर्ट के लिए जयपुर में चक्कर लगा रहे हैं। समर्थपुरा की सुनीता पत्नी कैलाशचंद ने नौ फरवरी को एसएमएस में जांच कराई। मंगलवार शाम तक रिपोर्ट नहीं मिली। अस्पताल प्रशासन रिपोर्ट ऑन लाइन देखने की बात कर रहा है, लेकिन साइट पर भी रिपोर्ट नहीं दिखाई जा रही है, जबकि मरीजों की तबीयत बिगड़ रही है।
(फोटो- स्वाइन फ्लू का खौफ। मुंह पर पट्टी बांधकर बकरा मंडी के एक स्कूल में परीक्षा देते छात्र।)