सीकर.सरकारी स्कूलों में आठवीं कक्षा के टॉपर्स को पीसी टेबलेट देने के लिए बजट जारी कर दिया गया है। निदेशालय ने एक करोड़ 65 लाख रुपए बांटे हैं। इस बीच अभी तक सभी स्कूलों से सूचना नहीं मिलने से पूरी तरह से सूची ही तैयार नहीं हो पाई है। उधर, राज्य सरकार के संशोधित आदेश स्कूलों तक नहीं पहुंचने से संस्था प्रधानों में असमंजस बना हुआ है।
आठवीं कक्षा के प्रथम टॉपर को जुलाई में लैपटॉप मिलेंगे। इससे पहले अन्य दस टॉपर्स को पीसी टेबलेट की एवज में छह-छह हजार रुपए के चेक दिए जाएंगे। राज्य सरकार ने पुराने आदेशों में संशोधन कर दिया और उम्र की बाधा को हटाते हुए प्रथम आने वाले एक से अधिक टॉपर को भी लैपटॉप और शेष दस टॉपर्स में एक ही रैंक के एक से अधिक टॉपर को भी पीसी टेबलेट के लिए चेक देने का निर्णय ले लिया।
राशि कम न पड़े इसलिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के खाते में पांच-पांच लाख रुपए भी ट्रांसफर कर दिए गए हैं। प्रमुख शासन सचिव, स्कूल एवं संस्कृत शिक्षा विभाग ने सभी उप निदेशक और जिला शिक्षा अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग में पाबंद किया था कि इस फैसले की जानकारी सभी संस्था प्रधानों तक पहुंचाई जाए लेकिन अभी तक सभी स्कूलों के पास संशोधित आदेश ही नहीं पहुंचे हैं। संस्था प्रधानों ने बताया कि बिना लिखित आदेश बालकों को चेक देना संभव नहीं होगा। बाद में ऑडिट में पैरे बनेंगे।
यह भी आएगी दिक्कतें
टेबलेट पीसी की एवज में टॉपर्स को छह-छह हजार रुपए के चेक वितरण में अड़चन आएगी। शिक्षा विभाग ने राज्यभर में 14 मई को एक ही दिन में सभी बालकों को चेक देने के आदेश दिए हैं। शिक्षा विभाग ने भी अब तक ऐसी कोई योजना नहीं बनाई है, जिससे 14 मई को सभी टॉपर्स को बिना किसी अड़चन के चेक दिए जा सकें।