पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंउदयपुर. सुखेर थाने के बाहर दो कांस्टेबल शुक्रवार को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम के हाथों गिरफ्तार हुए। नामजद तीसरा कांस्टेबल भनक लगने पर ड्यूटी छोड़कर फरार हो गया। रिश्वत कोर्ट से वारंट जारी होने के बावजूद हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार नहीं करने के एवज में ली जा रही थी। ट्रैप भी हिस्ट्रीशीटर की शिकायत पर हुआ।
कांस्टेबलों की गिरफ्तारी से थाने के एसएचओ का काम-काज भी शक के घेरे में आ गया है। ब्यूरो के एएसपी राजेन्द्र गोयल ने बताया कि टीम ने दबिश देकर सुखेर थाने के बाहर से वहीं के कांस्टेबल हबीबपुर (भरतपुर) निवासी नाहर सिंह पुत्र कलुआ मीणा, रूपवास (भरतपुर) निवासी धीरज पुत्र गोपाल शर्मा को गिरफ्तार किया है। तीसरा कांस्टेबल टोंक निवासी खुशीराम जाट फरार है।
गिरफ्तारी के बाद एक टीम ने नाहर सिंह के घर की तलाशी ली। गोयल ने बताया कि बेदला निवासी विक्रम सिंह पंवार ने गुरुवार को तीनों कांस्टेबल के खिलाफ परिवाद दिया था। उसके खिलाफ कोर्ट में जमीन संबंधी धोखाधड़ी का मुकदमा चल रहा है। पेशी पर नहीं जाने पर गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ, जिसकी तामील कांस्टेबल को 3 फरवरी तक करवानी है। यह वारंट कांस्टेबल खुशीराम जाट के पास है। गिरफ्तार नहीं करने की एवज में तीनों कांस्टेबल उससे 20 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत का सत्यापन कर शुक्रवार शाम टीम ने दोनों कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.