पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 94 Schools Have Own Building Udaipur Rajasthan

जिले के 94 सरकारी स्कूलों को मिलेंगे अपने भवन, डीईओ ने लिया फैसला

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

उदयपुर. जिले के 94 सरकारी विद्यालय जो बिना किराये के भवन के संचालित हो रहे हैं, उन्हें जल्दी ही अपने भवन मिलेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र जैन ने सभी बीईईओ को जमीन व भवन संबंधी प्रस्ताव 31 जनवरी तक देने को कहा है। कलेक्टर की मंजूरी पर भवन संबंधी कार्य को गति मिल पाएगी। सर्व शिक्षा अभियान भवन में गुरुवार को जिले के सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी व रिसोर्स पर्सन की बैठक डीईओ, एसएसए के जिला समन्वयक भरत जोशी, डाइट प्रिंसिपल सुरेंद्र रावल ने ली।

बैठक में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ाने के लिए बीईईओ को शिक्षकों की बैठक लेकर शिक्षा का स्तर सुधारने के निर्देश दिए गए। उनसे कहा गया है कि स्कूलों में आकस्मिक निरीक्षण किया जाए। जिस स्कूल में बच्चे या शिक्षक पासबुक से पढ़ते-पढ़ाते दिखें, वहां अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा बीईईओ से सी ग्रेड के बच्चों को ए ग्रेड में लाने के लिए कार्ययोजना बनाकर उन पर शीघ्र अमल करने के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि गत दिनों प्रमुख शासन सचिव शिक्षा ने इस संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को कार्य योजना बनाने के लिए पाबंद किया था।

ऑनलाइन डाटा नहीं हुआ फीड
ग्रेडिंग प्रणाली मे पिछड़ रहे बच्चों पर अधिक जोर देने की बात पर पता चला कि ब्लॉक स्तर पर नवंबर से बच्चों की ऑनलाइन प्रोग्रेस रिपोर्ट अपडेट ही नहीं की गई है। इस पर जोशी ने बीईईओ को जल्द से जल्द डाटा फीड करने के आदेश दिए।

अब होगी कार्रवाई
जिस ब्लॉक से प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट डीईओ कार्यालय में नहीं पहुंचेगी, उनके अधिकारियों व स्कूल प्रमुख पर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में बैठक में सभी बीईईओ को निर्देशित किया गया है। गौरतलब है कि सघन परिवीक्षण के आधार पर प्रतिदिन ब्लॉक वार स्कूलों की रिपोर्ट जिला शिक्षा कार्यालय में अपडेट की जानी होती है। जानकारी के अनुसार अब तक भी कई ब्लॉक कार्यालय में अपडेट नहीं करते हैं।

फोटो- सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय में बैठक लेते डीईओ, जिला समन्वयक व डाइट प्रिंसिपल।