उदयपुर. दूधतलाई के पास गुरुवार को यूआईटी ने करीब 15 हजार वर्ग फीट जमीन से 15 साल पुराना अवैध कब्जा साढ़े चार घंटे में हटा दिया। कार्रवाई मुष्टिक हनुमान मंदिर परिसर में व्यायामशाला के नाम पर चल रही गतिविधियाें को व्यावसायिक मानते हुए की गई। यूआईटी के मालिकाना हक वाली आराजी नंबर 415 की जमीन पर रावजी का हाटा निवासी विष्णु पिता गणेशलाल जोशी का कब्जा था।
यहां 44 साल पहले मंदिर था, जिसमें गणेशलाल पूजा करते थे। विष्णु ने 1999 से यहां व्यायामशाला शुरू कर दी। यूआईटी सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि अतिक्रमी को नोटिस भी दिया गया था। परिसर में पक्की बॉक्सिंग रिंग के साथ इंडियन मार्शल आर्ट गुरुकुल अकादमी भी संचालित थी। बाहर नेचर एंड एडवेंचर वाइल्ड टूर का बड़ा कैबिन भी था। अधिकारियों के मुताबिक यह जमीन 20 करोड़ से ज्यादा की है। इसके चलते इस पर्यटन स्थल पर ट्रैफिक भी प्रभावित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बाबूराम मीणा सभी पटवारी भी मौजूद थे।
व्यायामशाला की जमीन 1942 में वन विभाग की थी, जो सेटलमेंट के दौरान बिला नाम घोषित होने के साथ यूआईटी के अधिकार क्षेत्र में गई। पिछले दिनों डीएफओ ने यूआईटी को पत्र लिख यहां चल रही गतिविधियां रुकवाने को कहा था। यूआईटी सचिव ने बताया कि यह जमीन वन विभाग को लौटाई जाएगी।
गुरुकुल एकेडमी के बॉक्सिंग प्रशिक्षक विष्णु जोशी ने कार्रवाई पर सवाल उठाया है। कहा कि उनकी बेटी विनिशा ने पहली इंटर यूनिवर्सिटी महिला बॉक्सिंग में स्वर्ण सहित
किक बॉक्सिंग, वुशू में राजस्थान के लिए पदक जीते। उसकी ट्रेनिंग इसी रिंग में हुई थी। शहर के 200 प्लेयर्स यही तैयार किए हैं। 20 राष्ट्रीय पदक विजेता हैं। इनमें विराट पंत, अर्पित जोशी, शिवा थापा, जगपाल, दिनेश डांगी, गिरिराज आदि हैं।
कार्रवाई का विरोध करता विष्णु जोशी।