सांसद ने मांगा आमान परिवर्तन के लिए बजट
उदयपुर | सांसदअर्जुन लाल मीणा ने अहमदाबाद रेल लाइन आमान परिवर्तन की कछ़ुआ चाल पर अफसोस जताते हुए बुधवार को संसद में बजट की मांग की। उन्होंने कहा कि इसकी घोषणा यूपीए सरकार ने की थी, लेकिन फंड नहीं दिया जिससे काम गति नहीं पकड़ पाया है। सांसद ने रेलमंत्री सुरेश प्रभु से कहा कि जनजाति क्षेत्र के लोगों का विकास गुजरात कनेक्टिविटी पर निर्भर है। 300 किमी लंबी ब्रॉडगेज लाइन बिछाने के लंबित कामों का सर्वे करा अगले दो-तीन सालों में उदयपुर-अहमदाबाद के बीच बड़ी रेल लाइन पर ट्रेनें चलाने की मांग की।
मावली-बड़ी सादड़ी ट्रैक का मामला भी उठा
चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी ने रेलमंत्री को पत्र लिखकर बताया कि मावली-बड़ी सादड़ी के बीच 80 किमी मीटर गेज लाइन को बड़ी रेल लाइन में आमान परिवर्तन को यूपीए सरकार में स्वीकृति मिली थी। इसके लिए एक रुपया भी स्वीकृत नहीं हुआ था। तत्कालीन सांसद गिरिजा व्यास ने लोकसभा चुनाव से पूर्व खुद ही आमान परियोजना का शिलान्यास कर दिया था जबकि इस परियोजना के मद में कोई धनराशि स्वीकृत नहीं की गई थी। जोशी ने बड़ी सादड़ी से मावली तथा नाथद्वारा से मारवाड़ तक रेल लाइन का सर्वे कराकर जन उपयोगिता के मद्देनजर आमान परिवर्तन स्वीकृत करने की मांग की है।