- Hindi News
- तीन महीने से डॉक्टर नदारद वार्डों की दीवारें जर्जर मिली
तीन महीने से डॉक्टर नदारद वार्डों की दीवारें जर्जर मिली
ज्वाइंट डायरेक्टर ने सलूंबर सीएचसी का किया निरीक्षण
अस्पतालोंकी आकस्मिक निरीक्षण का क्रम जारी रखते हुए ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. आर.एन. बैरवा ने गुरुवार को सलूंबर उपखंड स्तरीय हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। वहां एक डॉक्टर तीन महीने से नदारद मिला, जबकि दो ऑटोक्लेव मशीनें खराब मिली।
डॉ. बैरवा गुरुवार सुबह सलूंबर हॉस्पिटल का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां ऑटोक्लेव मशीनें खराब मिलने, जेएसवाई वार्ड में पर्दे और एग्जॉस्ट फेन नहीं मिलने और डॉ. अंतरिक्ष जोशी के तीन महीने से बिना बताए अनुपस्थित चलने पर नाराजगी जताई। डॉ. बैरवा ने डॉ. जोशी के मामले में तुरंत सरकार को सूचना भिजवाई। लेबर रूम और एमटीसी वार्ड की दीवारें जर्जर हाल मिलने पर प्रभारी से जर्जर दीवारों के रिनोवेशन के लिए एस्टिमेट मांगते हुए जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। डॉ. बैरवा ने वार्ड में एक टीवी लगाने की स्वीकृति दी।
इधरडिप्टीसीएमएचओ डॉ. राघवेन्द्र राय ने गोगुंदा सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्वाइन फ्लू के प्रभाव को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश दिए। जुकाम वाले मरीज की कैटेगरी के हिसाब से रिपोर्ट बनाकर भेजने के लिए निर्देश दिए। वहां संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ. संजीव टांक ने खेमली सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्हें सीएचसी के बाहर बिजली के तार लटके मिले। डॉ. टांक ने इन तारों को ऊंचा करके वहां से दूर हटाने के निर्देश दिए। सामान्य तरह की दवाइयों का स्टॉक कम मिलने पर डिमांड भेजने के लिए कहा।
उन्होंने यहां संस्थागत प्रसव बढ़ाने तथा चिकित्सकों को समय पर आने की हिदायत दी।