उदयपुर. आरएनटी मेडिकल कॉलेज में निकाली गई द्वितीय श्रेणी नर्स भर्ती प्रक्रिया आवेदकों की आपत्तियों के बाद गुरुवार को स्थगित कर दी गई। अब जीएनएम एवं सीनियर सेकंडरी दोनों के प्राप्तांकों को जोड़कर नए सिरे से मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। गुरुवार को नर्सिंग कर्मी एवं छात्र राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन अध्यक्ष हेमंत आमेटा के नेतृत्व में आरएनटी मेडिकल के अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. शलभ शर्मा से मिले।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने सीनियर सेकंडरी एवं नर्सिंग प्रशिक्षण के अंकों के आधार पर सूची बनाने की मांग की, लेकिन डॉ. शर्मा ने कोर्ट के निर्णय का हवाला देते हुए संशोधन से मना कर दिया। इस पर पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर मामले की जानकारी दी। आरएनटी मेडिकल कॉलेज ने अपनी भूल मानते हुए आवेदकों की आपत्तियों के आधार पर भर्ती स्थगित कर दी। डॉ. शलभ शर्मा ने बताया जीएनएम के 4 एवं सीनियर सेकंडरी के 2 अंक जोड़े जाएंगे। मेरिट लिस्ट बनेगी।