उदयपुर. अपनी कलम से युवाओं को मोटिवेट करने वाले मशहूर लेखक, मोटिवेटर और कॉलमिस्ट
चेतन भगत शनिवार को लेकसिटी आए। सीख दी कि पॉजिटिव सोचना शुरू कीजिए एनर्जी मिलने लगेगी। सपनों को लक्ष्य में बदलोगे और सकारात्मकता के साथ मूल्यांकन करोगे तो सफलता आपके कदम चूमने लगेगी। सफलता से पहले अच्छा नहीं होने का कारण भाग्य नहीं होता, लेकिन बुरे प्रदर्शन से कुछ अच्छा करने की इच्छा शक्ति होनी ही चाहिए।
भगत शनिवार को विनर्स बाय चॉइस, नोट चांस विषय पर मोटीवेशन स्पीच दे रहे थे। यह आयोजन गीतांजलि इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्निकल स्टडीज आैर एमसीए इंस्टिट्यूट के साझे में हुए सेमिनार प्रज्ञान-2015 के समापन समारोह में हुआ। भगत ने कहा कि अक्सर लोग अपना कीमती समय उन लक्ष्यों को पाने में गुजार देते हैं, जिनमें मेहनत कम होती है। गीतांजलि ग्रुप के चेयरमैन जे.पी. अग्रवाल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर संस्थान की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
पद नहीं, काम से ही बन सकते हैं बड़ा
भगत ने कहा कि व्यक्ति पद नहीं, बल्कि अपने काम से बड़ा बनता है। महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद के पास कोई पद नहीं था, लेकिन वे आज बड़े पद वालों की भी जुबान पर बने हुए हैं। इन महापुरुषों को उनके काम ने यह मुकाम दिलाया। कई लोग सिर्फ इस कारण भटक जाते हैं, क्योंकि वे लक्ष्य लेकर आगे नहीं बढ़ते। दूसरों की निंदा करने के बजाय, अच्छे कामों में समय बिताकर हम सफलता को कम समय में अर्जित कर सकते है।
लेकसिटी में रेगुलर हों वाटर स्पोर्ट्स
राइटर एवं मोटीवेटर चेतन भगत ने उदयपुर में रेग्युलर वाटर स्पोर्ट्स इंवेंट की शुरुआत की जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन काे बढ़ावा मिलेगा। यहां एक सेमिनार में हिस्सा लेने आए भगत फतहसागर किनारे साइकिल से भ्रमण को पहुंचे थे। उन्होंने भास्कर से संक्षिप्त भेंट में कहा कि यहां की लोकेशन बॉलीवुड फिल्मों के लिए बेस्ट है। उन्होंने बताया कि नॉवल
हाफ गर्लफ्रेंड का हिंदी वर्जन 14 फरवरी को दिल्ली में होने वाले वर्ल्ड बुक फेयर में रिलीज होगा।
संयोग ही है कि रिलीज का दिन वेलेंटाइन डे है। रिवोल्यूशन -2020 पर जल्दी फिल्म बनेगी। भगत ने बताया कि उनकी किताबों और नॉवल का जल्दी ही हिन्दी के अलावा गुजराती और मराठी में भी अनुवाद किया जाएगा। इसका फायदा उन लोगों को भी मिलेगा जो अंग्रेजी नहीं पढ़ पाने के कारण इन्हें पढ़ने से वंचित रह जाते हैं।