पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • \"सबसे मोहब्बत करें, खुदा करीब होगा\'

\"सबसे मोहब्बत करें, खुदा करीब होगा\'

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धर्म गुरु के प्रति ऐसी चाहत

सैयदना आलीकदर मुफद्दल सैफुद्दीन ने खुदा की बंदगी को जिंदगी की कीमत बढ़ाने वाला बताया है। उन्होंने कहा, खुदा के करीब वही है, जो किसी को तकलीफ नहीं दे, सबसे मोहब्बत करे।

सैयदना शनिवार को गांधी ग्राउंड में समाज के हजारों अकीदतमंदों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खुदा ने हमें इंसान बनाया, अक्ल दी, उसका शुक्रिया अदा करें। खुदा की बंदगी करें तो इंसानी जिंदगी की कीमत बढ़ जाएगी। इससे पहले सैयदना साहब को गांधी ग्राउंड गेट से मंच तक बग्गी में सवार कर जुलूस के रूप में लाया गया। इसमें सबसे आगे हाथी था, जिसके पीछे बुरहानी बैंड धुनें बिखेर रहा था। बग्गी के आगे घुड़सवार और बाइकर नौजवान चले। मंच पर पीएचईडी मंत्री किरण माहेश्वरी, एचआरएच ग्रुप के लक्ष्यराजसिंह मेवाड़ ने शब्दों से इस्तकबाल किया। सांसद अर्जुन मीणा, मेयर चंद्रसिंह कोठारी, पूर्व मेयर रजनी डांगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीलिमा सुखाड़िया भी मौजूद थे।

खारोल कॉलोनी में पढ़ी नमाज

समाजके प्रवक्ता डाॅ. बी. मूमिन ने बताया कि सैयदना साहब खारोल कॉलोनी स्थित मस्जिद पहुंचे, जहां नमाज अदा की। इस मौके पर बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। सैयदना साहब ने खारोल कॉलोनी स्थित दारुल इमारत में रात्रि विश्राम किया। उनके इस्तकबाल में खारोल कॉलोनी, बोहरवाड़ी आदि मोहल्लों में सजावट की गई है।

जहां सैयदना बैठे, अकीदतमंदों ने उसे भी सिर-माथे लगाकर चूमा। भास्कर

गांधी ग्राउंड पर भीड़ के बीच से सैयदना साहब का ध्यान खींचने के लिए हर अकीदतमंद ‘मौला-मौला...’ पुकार रहा था। अपने मौला के दीदार कर अकीदतमंदों के आंसू छलक रहे थे। समारोह खत्म होने पर अकीदतमंदों ने उस तख्त को भी सलाम किया, जिस पर सैयदना बैठे थे। इससे पहले शाम चार बजे जब सैयदना का हेलीकॉप्टर रेलवे ट्रेनिंग ग्राउंड हेलीपेड पर उतरा, पहले से मौजूद सैकड़ों समुदाय जनों ने ‘मौला-मौला, खम्मा मौला...’ पुकारना शुरू कर दिया। हेलीकॉप्टर के उतरने पर अकीदतमंदों ने हाथ जोड़कर उनसे उदयपुर की सरजमीं पर तशरीफ रखने की गुजारिश की। उनके हेलीकॉप्टर और कार को छूने को भी होड़ मची। सैयदना साहब की 786 नंबर की गाड़ी मुंबई से ही लाई गई थी।

सैयदना का स्वागत करने वालों में पीएचईडी मंत्री किरण माहेश्वरी, सांसद, मेयर सहित कई नेता शामिल थे (बाएं)। शहर में पहले कदम पर इस्तकबाल करते अकीदतमंद।

उदयपुर. शनिवार शाम स्टेज पर जैसे ही सैयदना के दीदार हुए, गांधी ग्राउंड परिसर खम्मा मौला से गूंज उठा। अकीदतमंदों में दीदार को लेकर जबर्दस्त बेताबी थी। फाेटो: भास्कर